हादसा : धुंध में गलत साइड से आ रही ट्राली से टकराई एम्बुलेंस, 2 चचेरी बहनों की मौत

1/30/2021 9:35:57 AM

यमुनानगर : गुरुवार रात चंडीगढ़ पी.जी.आई. में महिला की बीमारी के कारण मौत हो गई। शुक्रवार सुबह परिजन व रिश्तेदार एंबुलेंस में शव को लेकर यू.पी. स्थित गांव जा रहे थे। सुबह करीब साढ़े 9 बजे हाइवे स्थित मंडौली मोड़ के पास गलत साइड से आ रही ट्रैक्टर ट्राली में एंबुलेंस जा टकराई। एम्बुलेंस में सवार दो चचेरी बहनों की मौके पर ही मौत हो गई। एंबुलेंस चालक सहित 4 लोग घायल हो गए। सदर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा कैसे और किसकी लापरवाही से हुआ पुलिस इस पर जांच की बात कह रही है। प्राथमिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि एम्बुलेंस भी तेज गति में हो सकती है। वहीं इस हादसे के पीछे धूंध भी एक बड़ा कारण है। क्योंकि शुक्रवार दोपहर 1 बजे के बाद ही मौसम खुला। वहीं एम्बुलेंस में अगली तरफ इंजन नहीं होता, जिसकी वजह से इतना बड़ा नुकसान हुआ। 

ये बताया पुलिस को 
यू.पी. के मुज्जफरनगर निवासी असलम ने बताया कि उसकी बहन अफसाना की शादी गोगमा गांव यू.पी. में हुई थी। बीमारी के कारण उसे पी.जी.आई. चंडीगढ़ में भर्ती करवाया हुआ था।  जिसकी गुरुवार देर रात मौत हो गई थी। सुबह उसके शव को लेकर एंबुलेंस के माध्यम से वे गांव जा रहे थे। जैसे ही वे नव निर्मित हाइवे मंडौली के पास पहुंचे तो गलत साइड से आ रही राखी से भरी हुई ट्रैक्टर ट्राली से एंबुलेंस की टक्कर हो गई। उसमें बैठी 2  चेरी बहनों उमरपुर निवासी 70 वर्षीय शकीला व 65 वर्षीय सलमा की मौके पर ही मौत हो गई। एंबुलेंस चालक, असलम, गोगमा निवासी मृतक अफशाना का देवर दिलशाद, ससुर ईशाक सहित 4 लोग घायल हो गए। आनन फानन में आस पास के लोगों ने घायलों को शहर के ट्रामा सैंटर पहुंचाया, जहां एंबुलेंस चालक की हालत गंभीर होने पर उसे पी.जी.आई. रैफर कर दिया। 

नाम गलत क्यों  बता रहा एम्बुलेंस चालक
पोस्टमार्टम रूम के बाहर खड़े लोगों ने बताया कि एम्बुलेंस चालक पहले अपना अंकित बता रहा था। बाद में उन्हें पता लगा कि उसका नाम दीपक है। उसके परिवार के लोग भी ट्रामा सेंटर आ गए। इन लोगों का कहना था कि आखिर चालक अपना नाम गलत क्यों बता रहा है। इसकी भी जांच होनी चाहिए। 

ट्रैक्टर ट्राली चालक पर मामला दर्ज 
कलानौर चौंकी इंचार्ज रोहण का कहना है कि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौप दिया। घायलों का ईलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली चालक पर केस दर्ज कर लिया है, उसकी पहचान कर रहे है। हादसे की वजह क्या रही इसकी जांच कर रहे हैं। 
 

 

Manisha rana