डेरामुखी के खिलाफ अश्लील कविता की ऑडियो क्लिप मामले में आरोपी बरी

4/8/2022 9:58:32 AM

सिरसा: डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के खिलाफ अश्लील कविता की ऑडियो सोशल मीडिया पर भेजने के मामले में जिला न्यायालय ने दोनों आरोपियों को बरी कर दिया। डेरा सच्चा सौदा अनुयायी की शिकायत पर डबवाली शहर थाना पुलिस ने आरोपी जसविंद्र सिंह निवासी वार्ड-16 मंडी डबवाली व तरुण निवासी वार्ड-7 मंडी डबवाली के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का केस दर्ज किया था।

इस मामले की सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने अभियोजन पक्ष से बहस के दौरान न्यायालय को बताया कि वर्ष 2014 में डेरा सच्चा सौदा मुख्य संत गुरमीत राम रहीम साध्वी से दुष्कर्म व हत्या जैसे मामले का सामना कर रहा था। अब इस मामले में डेरा प्रमुख को पंचकूला सीबीआई कोर्ट दोषी करार दे चुकी है और डेरा प्रमुख का असल आचरण सबके सामने आ चुका है।

न्यायिक दंडाधिकारी मनीष कुमार ने दोनों पक्षों की दलीलें व गवाहों की गवाही सुनने के बाद फैसला सुनाया कि अभियोजन पक्ष आरोपियों के अपराध को साबित करने में बुरी तरह विफल रहा है। आरोपियों से जब्त किए मोबाइल को अदालत समक्ष नहीं चलाया गया। यहां तक की ऑडियो क्लिप भी न्यायालय समक्ष नहीं चलाई गई। इसके अलावा जब्त मोबाइल का डेटा भी नहीं निकाला गया। ऐसे में आरोपियों के खिलाफ एक भी ठोस सुबूत न्यायालय समक्ष पेश नहीं किया गया है। इसलिए आरोपी जसविंद्र सिंह व तरुण को बरी किया जाता है।

Content Writer

Isha