महिला से छेड़छाड़ मामले में आरोपी डाक्टर गिरफ्तार, मीडिया के सामने फूट-फूटकर रोया

5/25/2017 10:24:44 AM

अंबाला(कमलप्रीत):हरियाणा के अंबाला में इलाज के नाम पर महिला छेड़छाड़ के आरोपों में फंसे डॉक्टर हेमन्त अग्निहोत्री को आखिरकार अंबाला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। डॉक्टर द्वारा महिला से छेड़छाड़ के बाद डॉक्टर के माफी मांगते हुए का वीडियो वायरल होने और लगातार मीडिया में खबरें दिखाए जाने के बाद अंबाला पुलिस ने डॉक्टर को PGI चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। 

मामले को लेकर अंबाला की ASP नितिका गहलोत ने बताया कि डॉक्टर के साथ पीड़ित महिला के परिजनों ने मारपीट की थी, जिस वजह से डॉक्टर बीते कई दिनों से PGI चंडीगढ़ में भर्ती था। लेकिन मामले को लेकर लगातार लोगों में बढ़ रहे रोष के बाद हरकत में आई पुलिस ने PGI के डॉक्टरों के पैनल से आरोपी डॉक्टर की जांच करवाने की मांग की अौर अगले ही दिन डॉक्टरों ने मामले में आरोपी डॉक्टर को डिस्चार्ज कर दिया। जिसके बाद वहां पहले से तैनात अंबाला पुलिस की गार्ड ने डॉक्टर को PGI से ही गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल अंबाला पुलिस डॉक्टर को कोर्ट में पेश कर रिमांड की मांग करने की बात कह रही है। 

महिला के साथ इलाज के दौरान छेड़छाड़ के आरोपों में फंसा डॉक्टर मीडिया के कैमरों के सामने फूट-फूट कर रोया। खुद पर लगे आरोपों को अपने खिलाफ बड़ी साजिश बता रहे डॉक्टर ने रोते हुए बताया कि जो वीडियो वायरल किया गया है, उसमें उसके सिर BP ऑपरेटस मारकर माफी मंगवाई गई। डॉक्टर ने कहा कि अपनी जान बचाने के लिए उसे माफी मांगनी पड़ी। फिलहाल डॉक्टर ने इस पूरे मामले को अपने खिलाफ साजिश करार दिया है।  

मंत्री ने दिए थे अस्पताल से गिरफ्तार करने के निर्देश
करीब एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा आरोपी डाक्टर हेमंत अग्रिहोत्री को गिरफ्तार न करने की सूरत में पीड़ित पक्ष गत मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के निवास स्थान पर अपनी फरियाद लेकर पहुंचे थे। जिस पर मंत्री अनिल विज ने मामले में सख्ती दिखाते हुए एस.पी को निर्देश दिए थे कि आरोपी डाक्टर को अस्पताल से ही गिरफ्तार किया जाए।