HSSC SCAM: आरोपियों ने 22 लाख रुपये की ट्रांजैक्शन का गुनाह कबूला, तीन अन्य का खुलासा

4/10/2018 8:41:08 PM

चंडीगढ़ (धरणी): हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन में नौकरियों को लगवाने में धांधली मामले में मुख्यमंत्री उडऩदस्ता के एसपी धीरज सेतिया के अनुसार तीन और मुख्य आरोपी भी इस गोरखधंधे में शामिल पाए गए हैं, जिन पर पुलिस जल्द शिकंजा कस उन्हें गिरफ्तार करेगी। इन नए तीन मुख्य आरोपियों का नाम व पहचान अभी गुप्त रखी जा रही है। वहीं गिरफ्तार आठों आरोपियों ने नौकरी की एवज में 22 लाख रुपये की मोटी ट्रांजैक्शन का गुनाह कबूला है। उन्होंने बताया कि उन्होंने यह राशि दोस्तों और रिश्तेदारों के पास रखी है। फिलहाल  22 लाख की राशि बरामदगी नहीं हो सकी है।

एसपी ने बताया कि आठों आरोपियों के बैंक अकाउंट फ्रीज किए जाएंगे। भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। सेतिया के अनुसार तकरीबन 7 उम्मीदवारों ने माना कि उन्होंने आरोपियों को नौकरी के लिए रकम दी। तीन उम्मीदवारों ने आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत  दी थी। यह आरोपी एमपीएचडब्ल्यू , ड्राइवर, क्लर्क  और चपरासी पद की नौकरियां लगवाते थे।

बता दें कि मुख्यमंत्री उडऩदस्ता द्वारा विभिन्न जगहों पर छापेमारी कर 8 लोगों को  गिरफ्तार  किया था। इन 8 लोगों में से 5 हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन के कर्मचारी, दो दलाल व एक हुड्डा विभाग का कर्मचारी है। मुख्यमंत्री उडऩदस्ता व पुलिस को इन लोगों से कई अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है।

Shivam