संदिग्ध अवस्था में महिला की मौत, परिजनों ने लगाया दहेज के लिए हत्या का आरोप

10/1/2022 11:28:16 AM

सोनीपत:  गांव लिवासपुर में विवाहिता की संदिग्ध अवस्था में फंदा लगाने से मौत हो गई। महिला के पिता ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव विवाहिता के परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के गांव लालबादरा खुर्द निवासी रक्षपाल सिंह ने बहालगढ़ थाना पुलिस को बताया कि उसकी बेटी सोनम (25) की शादी पांच साल पहले यूपी के एटा जिले के लोहाखार गांव के रहने वाले दिनेश कुमार के साथ हुई थी। वह कुंडली क्षेत्र में एक कंपनी में नौकरी करता है। उनको साढ़े तीन साल का एक बेटा वंश है। वह लिवासपुर में किराए के मकान में रहते हैं। शादी के बाद से ही दिनेश दहेज की मांग को लेकर सोनम को परेशान करता था। सोनम का लगातार उत्पीड़ऩ किया जाता था। सोनम ने कई बार इसकी शिकायत अपने भाई व पिता से की थी।

कई बार दिनेश को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी हरकतों में कोई सुधार नहीं हुआ। इससे सोनम लगातार तनाव में रह रही थी। आरोपी दहेज में कार की मांग कर रहे थे। अब उन्हें 29 सितंबर को पता लगा कि सोनम की फंदा लगाने से मौत हो गई है। जिस पर उसका बेटा करण पहुंचा और उसके बयान पर पुलिस ने कार्रवाई कर दी। बाद में जब वह पहुंचा तो उसका बेटा सहमा हुआ था। जिस पर उसने पुलिस को शिकायत दी। रक्षपाल ने बेटी की दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शव मायका पक्ष को सौंप दिया है। पुलिस ने मामले में महिला के पति, ससुर व देवर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

 
 

Content Writer

Isha