पैरोल पर आकर फरार हुआ हत्या का आरोपी 16 साल बाद चढ़ा पुलिस के हत्थे

11/18/2019 11:48:16 AM

रोहतक(स.ह.): पुलिस ने पैरोल पर आकर फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी हत्या के मामले में सजा काट रहा था। 16 साल पहले आरोपी पैरोल पर जेल से बाहर आया था। उसके बाद आरोपी फरार हो गया तथा वापस जेल नहीं गया। आरोपी को रविवार को ड्यूटी मैजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया। प्रभारी थाना शहर निरीक्षक उदयभान ने बताया कि 23 मार्च, 1998 को थाना शहर रोहतक के एरिया में अजीत नामक व्यक्ति की हत्या हुई थी। इस संदर्भ में पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी। 

हत्या के आरोप में जरनैल सिंह निवासी संजय नगर राड़ रोड रोहतक व सुरेंद्र निवासी संजय नगर को गिरफ्तार किया गया। 8 फरवरी, 2002 को अदालत द्वारा आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। आरोपी जरनैल सिंह 17 मार्च, 2003 को 4 सप्ताह की पैरोल पर जेल से बाहर आया था। आरोपी को 15 अप्रैल, 2003 को वापस जेल में जाना था लेकिन वह फरार हो गया। इस संदर्भ में आरोपी के खिलाफ थाना शहर में केस दर्ज किया गया। गत दिवस मुख्य सिपाही राममेहर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए पुराने बस अड्डा से आरोपी जरनैल को गिरफ्तार किया गया।

जांच में सामने आया कि हत्या की वारदात में शामिल दोनों आरोपियों द्वारा अदालत के आदेश के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील की गई थी। 4 जनवरी, 2011 को हाईकोर्ट ने दोनों आरोपियों को बरी कर दिया था। आरोपी पैरोल पर आकर फरार होकर राजस्थान में रहने लगा तथा फर्नीचर की दुकानों पर काम करता था। आरोपी अविवाहित है तथा कभी-कभी परिवार से मिलने रोहतक आता रहता था।

Edited By

vinod kumar