छात्र यूनियन के प्रदेश प्रधान विरेंद्र को गोली मारने के आरोपी गिरफ्तार

11/21/2019 12:36:40 PM

करनाल(काम्बोज): बीती 2 अक्तूबर को कुंजपुरा रोड पर बाइक सवार 2 बदमाशों द्वारा जी.बी.एस.यू के प्रदेश प्रधान विरेंद्र अहर को गोली मारकर घायल करने वाले 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर पिस्तौल भी बरामद कर ली है। जानकारी के अनुसार विरेंद्र वासी अहर की मनीष वासी मुनारेहड़ी हाल में जो अमरीका में है, की फेसबुक पर रोड महासभा अध्यक्ष पद को लेकर बहस हुई थी। जिसके बाद आरोपी मनीष ने अमरीका से ही 2 लोगों को 5 लाख रुपए की सुपारी विरेंद्र अहर को मारने के लिए दी। जिसके बाद आरोपी नवीन व अमित वासी कैथल ने 5 लाख की सुपारी लेकर विरेंद्र अहर को जान से मारने की योजना बनाई और विरेंद्र की रैकी की।

योजनानुसार दोनों आरोपियों ने बाइक पर उसका पीछा किया और जब विरेंद्र जिम से लौट रहा था, तो आरोपियों ने कुंजपुरा रोड पर उसके ऊपर गोलियां चला दीं। जिसमें से गोली विरेंद्र को जा लगी और वह खून से लथपथ हालत में घायल हो गया। घायलावस्था में उसे अस्पताल ले में भर्ती करवाया गया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी और आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी। मगर जब मामला एस.पी. सुरेंद्र सिंह भौरियां के संज्ञान में आया तो एस.पी. ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सी.आई.ए.-1 को सौंप दी। सी.आई.ए. की जांच में दोनों आरोपियों के नाम का खुलासा हुआ, जिसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।    

पहले भी है मामला दर्ज 
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नवीन के खिलाफ जिला कु रुक्षेत्र में हनी ट्रैप की धाराओं में भी एक मामला दर्ज है। आरोपियों को रिमांड अवधि खत्म होने के बाद दोबारा से कोर्ट में पेश कर जेल भिजवा दिया गया है। आरोपियों से वारदात में प्रयोग की गई पिस्तौल को भी बरामद कर लिया गया है।  

Isha