4 राज्यों की पुलिस के व्हाट्सएप ग्रुप से पकड़ में आया 2 लाख नकदी चोरी का आरोपी

12/1/2019 1:27:04 PM

हिसार (रमनदीप): 21 अगस्त को शहर के रैड स्क्वेयर एरिया से स्कूटी की डिग्गी से 2 लाख की नकदी चोरी के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किया गया आरोपी यू.पी. का 40 वर्षीय अखिलेश सिंह है और इस पर कई राज्यों में चोरी के केस दर्ज हैं। हिसार पुलिस ने आरोपी को 4 राज्यों की पुलिस के व्हाट्सएप ग्रुप की मदद से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी अखिलेश को पुलिस ने कोर्ट में पेश करके 3 दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपी से अन्य मामलों में भी पूछताछ की जा रही है।

इस मामले में मुलतानी चौक वासी अनिल शर्मा ने 21 अगस्त को 2 लाख नकदी चोरी का केस दर्ज करवाया था। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार उसने स्टेट बैंक से 2 लाख की नकदी निकालकर स्कूटी की डिग्गी में रख दी थी। इसके बाद वह रास्ते में दूसरे बैंक में काम के लिए चला गया।

जब वह वापस आया तो स्कूटी से नकदी गायब मिली। मामले में जांचकत्र्ता सलीम खान ने बताया कि इस मामले में आरोपी का चेहरा बैंक के बाहर लगे सी.सी.टी.वी. में दर्ज हो गया था। इसके बाद इसकी फोटो अन्य राज्यों के पुलिस के व्हाट्सएप ग्रुप में भेजी गई। यू.पी. से उनके पास आरोपी के बारे में वापस रिपोर्ट मिल गई कि यह पेशेवर चोर अखिलेश सिंह है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिमाचल से गिरफ्तार कर लिया।

Isha