करनाल के सदर थाने से दीवार फांदकर भागा आरोपी, पुलिस ने एक नया मुकदमा किया दर्ज

5/10/2022 4:30:13 PM

करनाल(ब्यूरो): करनाल के सदर थाने में पुलिस हिरासत से एक आरोपी दीवार फांदकर फरार हो गया। पुलिस कर्मियों ने आरोपी का पीछा कर उसे हिरासत में ले लिया। इसके बाद आरोपी पर एक और मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

बिजना गांव के रहने वाले एक आरोपी को सदर थाना पुलिस ने सेक्टर 4 एरिया से बीते सोमवार को ही गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति पर बिजना गांव में मारपीट करने के आरोप लगे थे। इस मामले में आज उसे कोर्ट में पेश किया जाना था। जैसे ही पुलिसकर्मी अपने काम में व्यस्त हुए तो आरोपी उन्हें चकमा देकर थाने की दीवार फांद कर फरार हो गया। पुलिस ने काफी दूर तक पीछा करने के बाद आरोपी को पकड़ा।

पुलिस जांच अधिकारी मनोज ने बताया कि बिजना निवासी आरोपी को मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के मामले में कल गिरफ्तार किया गया था। निशानदेही करवाने के बाद आरोपी को थाने वापिस लाए थे। उसी समय आरोपी उन्हें चकमा देकर निकलने लगा और दीवार के ऊपर से कूद गया। आरोपी के खिलाफ पहले से कई केस दर्ज है और हाईकोर्ट से जमानत पर बाहर आने के बाद उसने मारपीट की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस से भागने का प्रयास करने पर उसके खिलाफ एक और केस दर्ज कर लिया है। आरोपी का मेडिकल भी करवा दिया , जिसके बाद अब उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। जांच अधिकारी मनोज ने कहा कि पुलिस के जवान एक्टिव थे, इसलिए आरोपी फरार होने पर कामयाब नहीं हो पाया। 

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

 

Content Writer

Vivek Rai