राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने पर हुई कार्रवाई से कार्यकर्ताओं का बढ़ेगा हौसला: विधायक कुलदीप वत्स

punjabkesari.in Thursday, Apr 16, 2026 - 08:41 PM (IST)

झज्जर( दिनेश मेहरा ): झज्जर में राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोट करने वाले कांग्रेस विधायकों पर की गई निलंबन की कार्रवाई को लेकर बादली से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पार्टी हाईकमान के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह निर्णय भले ही देर से लिया गया हो,लेकिन इससे पार्टी के आम कार्यकर्ताओं का मनोबल मजबूत होगा।

कुलदीप वत्स ने कहा कि वह पार्टी के प्रभारी बीके हरिप्रसाद,नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के आभारी हैं,जिन्होंने संगठन के हित में यह महत्वपूर्ण कदम उठाया। उन्होंने कहा कि पार्टी अनुशासन बनाए रखना बेहद जरूरी है और इस तरह के फैसले संगठन को मजबूती प्रदान करते हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग सबसे पहले उन्होंने ही मुखर होकर उठाई थी। इस मुद्दे को उन्होंने न केवल प्रदेश नेतृत्व के सामने रखा,बल्कि दिल्ली में बैठे पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को भी ईमेल के माध्यम से अवगत कराया था। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस कार्रवाई के बाद पार्टी में एकजुटता और मजबूत होगी तथा भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होगी।उन्होंने अंत में कहा कि यह फैसला पूरी तरह से पार्टी हित में है और इससे कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static