बग्गा की किडनैपिंग कर मारपीट करने के आरोपों पर बोले अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक

5/6/2022 7:47:42 PM

कुरुक्षेत्र(रणदीप): दिल्ली से गिरफ्तार तेजिंदर बग्गा को पंजाब ले जाते हुए, पुलिस को कुरूक्षेत्र में रोकने के बाद हुए बवाल पर पंजाब पुलिस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह ने कहा कि हरियाणा पुलिस भी अपना काम कर रही थी। इसी के साथ बग्गा के पिता द्वारा पंजाब पुलिस पर उनके बेटे का अपहरण कर उसके साथ मारपीट करने के आरोपों को उन्होंने निराधार बताया।  

कुरुक्षेत्र पुलिस ने गिरफ्तार बग्गा को पंजाब पहुंचने व कोर्ट में पेश करने से पहले रोका व दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया। इस मामले में लगभग दो घंटे तक पहले कुरुक्षेत्र के गांव खानपुर और उसके बाद थानेसर के सदर थाना में खूब सियासत हुई। बग्गा की गिरफ्तारी टीम की अगुवाई कर रहे पंजाब पुलिस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह से जब कुरूक्षेत्र में हरियाणा पुलिस द्वारा उनका काफिला रोकने के पीछे की वजह पूछी गई तो उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस तथ्यों की पड़ताल कर रही थी। उनकी तरह पंजाब पुलिस भी अपनी ड्यूटी कर रही थी।

  जब उनसे कहा गया कि बग्गा के पिता ने पंजाब पुलिस पर उनके बेटे के साथ मारपीट के आरोप लगाए हैं तो उन्होंने कहा कि उनके आरोप निराधार हैं। उनके पास इस मामले को लेकर सबूत के तौर पर वीडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद हैं। इसी के साथ दिल्ली पुलिस द्वारा पंजाब पुलिस के खिलाफ किडनैपिंग का मामला दर्ज करने पर उन्होंने कहा कि बग्गा के खिलाफ पंजाब में साइबर क्राइम का मामला दर्ज है। नोटिस दिए जाने के बावजूद भी उन्होने पुलिस जांच में सहयोग नहीं किया। इसलिए आज उनकी गिरफ्तारी की गई है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष राजकुमार सैनी ने पंजाब पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस को प्रोटोकॉल का ख्याल रखना चाहिए। इस काम के लिए उन्हें स्थानीय पुलिस को साथ लेना चाहिए था। उन्होंने कहा कि बग्गा के साथ तो बहुत ही दुर्व्यवहार किया गया पंजाब पुलिस पंजाब के मुख्यमंत्री के इशारों पर बदले लेने का काम कर रही है जो सरासर गलत है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

 

 

Content Writer

Vivek Rai