‘हॉट सीट’ डबवाली पर आदित्य चौटाला को आजमा सकती है भाजपा

8/27/2018 7:30:07 AM

सिरसा(सेतिया): डबवाली की ‘जिए जवान-जिए किसान’ रैली के जरिए देवीलाल और आदित्य देवीलाल की तारीफों के कसीदों से ‘हॉट सीट’ डबवाली में आदित्य की टिकट की दावेदारी सशक्त हो गई है। आदित्य पूर्व उप-प्रधानमंत्री देवीलाल के पोते हैं और जनवरी-2016 में हुए पंचायती चुनाव में भाजपा की टिकट पर जोन नम्बर-4 से जिला पार्षद बने थे। खास बात यह है कि आदित्य ने पंचायती चुनाव में अपनी भाभी एवं नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला की पत्नी कांता चौटाला को हराया था। 

उसके बाद से ही विभिन्न मंचों पर आदित्य को भाजपा में तवज्जो दी जाने लगी। अभी हाल की रैली में तो मुख्यमंत्री मनोहर लाल की ओर से आदित्य को देवीलाल परिवार में सबसे ज्यादा पढ़े-लिखे व्यक्ति की संज्ञा देने के बाद डबवाली हलके से देवीलाल परिवार के एक और सदस्य के विस चुनावी मैदान में उतरने की संभावनाएं तीव्र हो गई हैं।दरअसल, जिस परिवार से विधायक, सांसद, मंत्री, मुख्यमंत्री से लेकर उप-प्रधानमंत्री तक रहे हों उसी परिवार के सदस्य पिछले लम्बे समय सियासत से दूर रहे। 

आदित्य चौटाला देवीलाल के सबसे छोटे बेटे स्व. जगदीश के बेटे हैं। देवीलाल के 4 बेटों में ओमप्रकाश चौटाला 4 बार हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे हैं, जबकि प्रताप चौटाला भी 1967 में एक दफा ऐलनाबाद से विधायक रहे। तीसरे बेटे रणजीत सिंह विधायक भी रहे और 1987 में वे देवीलाल सरकार में मंत्री भी बने। इसके बावजूद देवीलाल के सबसे छोटे बेटे जगदीश सिंह को सियासत कभी रास नहीं आई। जगदीश ने हमेशा स्वयं को सियासत से दूर ही रखा। इतिहास और अंग्रेजी विषय में एम.ए. डिग्री धारक जगदीश सिंह ने देवीलाल के बंसीलाल सरकार में खादी बोर्ड के चेयरमैन होने के वक्त देवीलाल की गाड़ी चलाई तो देवीलाल की चिट्ठी-पत्रियां भी जगदीश ही लिखा करते थे। पर परोक्ष तौर पर वे राजनीति से दूर रहे। 

बेशक जगदीश सियासत से दूर रहे पर उनके बेटे आदित्य नहीं।  आदित्य 1996 में सियासत में सक्रिय हुए जब उन्हें रोहतक संसदीय चुनाव के वक्त देवीलाल ने साल्हावास हलके का प्रभारी बनाया। इसके बाद वे भिवानी लोकसभा चुनाव में अजय सिंह चौटाला के इलैक्शन लडऩे के समय तोशाम के इंचार्ज रहे। जनवरी-2010 में ऐलनाबाद उपचुनाव में अभय सिंह के लिए प्रचार किया। अब पिछले कुछ बरसों से वे भगवा सियासत का हिस्सा हैं। डबवाली हॉट सीट मानी जाती है और भाजपा यहां से आदित्य को चुनावी मैदान में उतारकर सिरसा जनपद में समीकरण अपने पक्ष में भुनाने की फिराक में है।

Rakhi Yadav