प्रशासन के दावे फेल, खुलेआम चल रहा ओवरलोडिंग का खेल

5/12/2018 2:13:35 PM

रेवाड़ी(मोहिंद्र भारती): सडक़ों पर यमदूत बनकर कहर बरपा रहे ओवरलोड वाहन चौतरफा चोट पहुंचा रहे है। इनके कारण हो रहे हादसों और मौत से लोग बुरी तरह डरे और सहमें हुए है। लेकिन सरकार पूरी तरह बेबस है और चाहकर भी इन पर नकेल नहीं कस पा रही हैं।

अब अगर बात करें रेवाड़ी की तो जिले की सडक़ों पर बेलगाम दौड़ रहे इन यमदूतों पर शिकंजा कसने में भले ही सरकार और जिला प्रशासन दम भरते नहीं थक रहा हो। लेकिन स्थिति आज भी वही ढाक के तीन पात वाली दिखाई पड़ रही है। सुबह हो या शाम, हर वक्त लोगों पर इन यमदूतों के खतरे का साया मंडराता रहता है।

बहुत तेजी से ये ओवरलोड वाहन शहर की सडक़ों पर सरपट दौड़ते है। प्रशासन सब कुछ देखकर भी आंखें मूंदे मूकदर्शक बना बैठा है। इतना ही नहीं, ये लोग पुलिस अधिकारियों के वाहनों को भी टक्कर मारने से नहीं चूकते।

हालांकि शीर्ष अधिकारियों ने 9 माह में व्यवस्था बदलकर कार्यवाही के नए-नए तरीके भी सुझाए। सरकार ने उन पर अमल भी किया लेकिन एक-एक कर सारी कोशिशें फेल हो गई। परिवहन मंत्री ने स्वयं नाकों का जायजा भी लिया। अब अधिकारी कह रहे है कि वे समय-समय पर इन वाहनों की धरपकड़ के लिए नाकेबंदी कर कार्यवाही करते है, लेकिन उसका कोई फायदा होता दिखाई नहीं दे रहा है।

Rakhi Yadav