लड़की बालिग होने के बावजूद पुलिस ने रूकवाई शादी, जानिए कारण

12/14/2019 2:11:06 PM

जींद(ब्यूरो): सोनीपत जिले के गोहाना से उचानां कलां गांव में बारात लेकर आए दूल्हे की उम्र कम निकली जिसके बाद शादी रद करनी पड़ी। शादी में दूल्हे की उम्र साढ़े 19 साल पाई गई। विभाग द्वारा परिजनों से लिखित में लड़के  के बालिग होने तक शादी नहीं करवाने का बयान लिया गया। मामला जिले के उचाना से सामने आया, जहां जिला महिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी को गुप्त सूचना मिली थी कि गोहाना से एक लड़के  की बारात उचाना कलां गांव में पहुंचने वाली है, जिसमें दूल्हा बनकर आया लड़का नाबालिग है। 

सूचना मिलते ही सहायक बाल विवाह निषेध अधिकारी रवि लोहान, हैड कांस्टेबल अशोक कुमार, महिला कांस्टेबल रेनु उचाना मंडी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो पाया कि लड़के  की बारात आने वाली थी और डीजे बज रहा था। इस पर बारात आने के बाद टीम ने लड़के  के जन्म से संबंधित कागजात मांगे तो बारात में हड़कम्प मच गया। मौके पर लड़के पक्ष ने जो कागजात दिए गए तो उसमें लड़के की उम्र मात्र साढ़े 19 साल मिली और लड़की की उम्र भी 19 वर्ष मिली। 

इस पर टीम ने शादी नहीं करने के लिए दोनों पक्षों को समझाया गया कि वह लड़के के 21 वर्ष की उम्र पूरी होने के बाद ही उसकी शादी करें, अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस पर दोनों परिवार सहमत हो गए और शादी को स्थगित कर दिया गया। इसके बाद परिजनों ने लिखित बयान दर्ज करवाए कि लड़के के माता-पिता अनपढ़ हैं और उनको किसी तरह के कानून की जानकारी नहीं होने के कारण वे गलती से ऐसा कर रहे थे लेकिन अब वे अपने लड़के के बालिग होने पर ही उसकी शादी क रेंगे। इसके बाद गोहाना से आई बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई।

Isha