हरियाणा सरकार में प्रशासनिक फेरबदल, IAS और HCS अधिकारियों का तबादला

4/5/2017 5:23:30 PM

चंडीगढ़ (उमंग श्योराण):हरियाणा सरकार ने आज तुरंत प्रभाव से तीन IAS और तीन एचसीएस अधिकारियों के स्थानांतरण एवं नियुक्ति आदेश जारी किए हैं। आवास विभाग के प्रधान सचिव श्रीकांत वाल्गद को अपने वर्तमान कार्यभार के अलावा अम्बाला मण्डल का आयुक्त लगाया है। गुरुग्राम के मण्डल आयुक्त और स्वास्थ्य एवं पोषण, मेवात क्षेत्र, गुरुग्राम के विशेष आयुक्त और मेवात विकास एजेंसी के चेयरमैन डी.सुरेश को अपने वर्तमान कार्यभार के अलावा फरीदाबाद का मण्डल आयुक्त नियुक्त किया है। रोहतक के मण्डल आयुक्त चन्द्र प्रकाश को अपने वर्तमान कार्यभार के अलावा करनाल का मण्डल आयुक्त लगाया गया है। इसी प्रकार, बहाली के उपरांत धमेन्द्र सिंह को आयुष विभाग में अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) लगाया गया है। बहाली उपरांत जगदीप सिंह को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग में संयुक्त निदेशक (प्रशासन) नियुक्त किया गया है। बहाली उपरांत पंकज को उद्योग एवं वाणिज्य विभाग का संयुक्त निदेशक (प्रशासन) व उप-सचिव नियुक्त किया गया है।