7 दिन में ट्रेनिंग के बाद 70 महिलाएं संभालेंगी कैटरिंग

1/10/2019 5:40:32 PM

हिसार(ब्यूरो): पांच दिवसीय 64वीं राष्ट्रीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता गुरुवार को दोपहर 12 बजे शुरु होंगी, जिनका शुभारंभ महाबीर स्टेडियम में बड़े ही रंगारंग अंदाज में किया जाएगा। जिसमें देश के  विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों की टीमें शामिल होंगी। प्रतियोगिता से एक दिन पहले ही हैंडबॉल और हॉकी ग्राउंड पर खिलाड़ी प्रैक्टिस करते दिखाई दिए। फील्ड पर खिलाड़ियों के साथ कोच भी उन्हें समझाते नजर आए। 

वहीं पंचायत भवन में सेल्फ हेल्प ग्रुप की 70 महिलाएं 7 दिन की ट्रेनिंग के बाद सिर पर कैप लगाए, बावर्ची की ड्रेस, कंधे पर नाम का बैच लगाए भारी-भारी किचन के सामान को हाथ में लेकर खाना बनाती दिखाई दी। यह महिलाएं 1200 से अधिक खिलाड़ियों के लिए भोजन की व्यवस्था कर रही हैं। 

दरअसल, शिक्षा विभाग द्वारा 10 से 14 जनवरी तक 14 वर्ष आयु वर्ग के स्कूली विद्यार्थियों के लिए 64वीं राष्ट्रीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। हिसार को हैंडबाल व हॉकी की मेजबानी का अवसर मिला है। प्रतियोगिता का उद्घाटन 10 जनवरी को दोपहर 12 बजे महाबीर स्टेडियम में होगा। प्रतियोगिता का समापन 14 जनवरी को दोपहर 1 बजे राजगढ़ रोड स्थित हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान में होगा। इस अवसर पर रंगारंग कार्यक्रम आयोजित होंगे। 


डिनर के बाद एंटरटेनमेंट के लिए डीजे भी 
बुधवार शाम तक लगभग सभी राज्यों की टीमों ने हिसार में दस्तक दे दी। रात के डिनर के बाद प्रशासन ने खिलाड़ियों के मनोरंजन के लिए डीजे और बोन फायर की व्यवस्था की है। देर रात खिलाड़ियों ने फिल्मी गानों की धुनों पर नृत्य भी किया। इसके साथ ही हरियाणा के जायके में शामिल लड्डू का भी खिलाड़ियों ने आनंद लिया। 

नोट : हाॅकी अंडर 14 में गर्ल्स 440 व ब्वॉयज 408, हैंडबाल में गर्ल्स 370 व लड़के 405 यानि कुल 1623 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। 

 

 

Deepak Paul