चुनाव बहिष्कार की चेतावनी के बाद जागा प्रशासन, लोगों की समस्याओं का होने लगा समाधान

4/27/2024 4:41:17 PM

गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-38 आरडब्ल्यूए द्वारा मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर किए गए चुनाव बहिष्कार की चेतावनी के बाद अब जिला प्रशासन जाग गया। नगर निगम अधिकारियों ने लोगों को सुविधाएं देने के लिए क्षेत्र में कार्य शुरू करा दिया है। नगर निगम अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया और मौके पर काम शुरू कराया है।

गुड़गांव की खबरों के लिए इस लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त डॉ बलप्रीत सिंह ने शुक्रवार को सेक्टर-38 आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी जिसके बाद क्षेत्र में काम शुरू कराया गया। शनिवार को निगम की इलेक्ट्रिकल शाखा द्वारा सेक्टर में उन सभी स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य शुरू कर दिया है, जो ब्लैक स्पॉट थे। इन स्थानों के बारे में आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों द्वारा बैठक में मुद्दा रखा गया था। शुक्रवार को ही इलैक्ट्रिकल शाखा के अधिकारियों ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया तथा आरडब्ल्यूए द्वारा बताए गए स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य शनिवार को शुरू हो गया है। इसके अलावा, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों द्वारा बताए गए स्थानों पर टूटी पड़ी स्लैब को बदलने का भी कार्य शुरू कर दिया गया है।


आपको बता दें कि सेक्टर-38 में लोगों को हो रही समस्याओं को लेकर लोगा अधिकारियों से लगातार वार्ता कर रहे थे। जब प्रशासनिक अधिकारियों ने उनकी समस्याओं के प्रति ध्यान नहीं दिया तो लोगों ने लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने का ऐलान कर दिया और सेक्टर- 38 के मेन गेट पर चुनाव बहिष्कार के होर्डिंग भी लगा दिए थे। इस बारे में जब जिला प्रशासन को जानकारी मिली तो अधिकारी हरकत में आए और आरडब्ल्यूए के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को जाना। इस बैठक के दौरान संयुक्त आयुक्त व चीफ इंजीनियर सहित सहायक अभियंता व कनिष्ठ अभियंता भी मौजूद थे। बैठक में अतिरिक्त निगमायुक्त ने आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों की सभी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनकर मौके पर ही अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए थे कि वे तुरंत समस्याओं का समाधान कार्य शुरू करवाएं। जिसके बाद शनिवार को मौके पर कार्य शुरू कर दिए गए। 

Content Editor

Pawan Kumar Sethi