कांग्रेस, इनेलो के बाद अब हरियाणा आम आदमी पार्टी में फूट, जयहिंद को हटाने की मांग

7/25/2019 5:58:31 PM

चंडीगढ़(ब्यूरो): हरियाणा प्रदेश की राजनीतिक पार्टियों में सियासी फूट की चर्चाएं आम हो चुकी हैं। जहां पहले हरियाणा कांग्रेस गुटों में बंट गई, उसके बाद दस साल तक सत्ता का सुख भोग चुकी इनेलो में दो फाड़ के बाद उसका अस्तित्व ही खतरे में पड़ गया है। वहीं अब राजधानी दिल्ली में राज कर रही आम आदमी पार्टी की हरियाणा विंग में भी अंतर्कलह शुरू हो चुकी है। हरियाणा आम आदमी पार्टी के कुछ नेताओं ने आप प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद को उनके पद से हटाए जाने की मांग कर रहे हैं।

आम आदमी पार्टी की हरियाणा इकाई में बगावत चरम सीमा पर पहुंच गई है। पार्टी के लगभग सभी बड़े नेताओं, लोकसभा व जिलाध्यक्षों ने अपने प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद के खिलाफ उनकी कार्यशैली को लेकर मोर्चा खोल दिया है। ये अब नवीन जयहिंद को उनके पद से हटाये जाने की मांग पर अड़े हुए हैं। पार्टी आलाकमान द्वारा पिछले कई दिनों से इस मामले में की गई दखलअंदाजी भी कारगार साबित नहीं हुई है।


पत्रकारों से बात करते हुए प्रदेश प्रवक्ता आरएस राठी बताया कि नाराजगी न तो पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल से है और न ही हरियाणा मामलों के प्रभारी गोपाल राय, व सहप्रभारी सुशील गुप्ता से, उनकी नाराजगी केवल और केवल नवीन जयहिंद से है। नेताओं आरोप लगाया कि नवीन जयहिंद से उनकी किसी की भी कोई निजी रंजिश नहीं है, बल्कि वे सब उनके हर किसी से दुव्र्यवहार करने के चलते नाराज हैं।



नवीन जयहिंद की भाषा अमर्यादित
नेताओं का कहना है कि नवीन जयहिंद की भाषा अमर्यादित रहती है। उनमें पहले दिन से ही नेतृतव की कमी रही है। वह संगठन को मजबूत करने की बजाए खुद को ही मजबूत करने में लगे रहे, मगर उसमें भी सफल नहीं हो पाए। यही वजह रही कि लोकसभा चुनावों के दौरान भी पार्टी का प्रदर्शन उम्मीद के विपरीत रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि नवीन पार्टी फंड के नाम पर भी हर बार पार्टी नेताओं से पैसे तो लेते रहे, मगर उसका कोई हिसाब किताब उनके पास नहीं है। इतना ही नहीं खुद की जाति हिंदुस्तान का नारा देने वाले नवीन जयहिंद ने लोकसभा चुनावों के दौरान पंडित नवीन जयहिंद लिखना शुरु कर जातिवाद को बढ़ावा देना शुरु कर दिया।

इन नेताओं का कहना है कि यह सारी बातें पार्टी आलाकमान को पहुंचाई गई थी, इसीलिए पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के निर्देशों पर, हरियाणा प्रदेश संगठन को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा करने के लिए 12 जून से 23 जून 2019 तक लोकसभा क्रम से बैठकें आयोजित की गई। इन बैठकों के दौरान मुख्य मुद्दों में से एक मुद्दा राज्य संयोजक नवीन जयहिंद और उनके नेतृत्व के खिलाफ राज्य इकाई के कुछ सदस्यों द्वारा शिकायतें व्यक्त की गई और उन्हें हटाने की मांग रखी गई थी।



सुशील गुप्ता द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट पक्षपातपूर्ण
इस पर सह-प्रभारी हरियाणा और सांसद सुशील गुप्ता को नवीन जयहिंद के खिलाफ शिकायतों की जांच का काम सौंपा गया था। दस लोकसभा क्षेत्रों में से प्रत्येक के सदस्यों ने लिखित शिकायतें और वीडियो साक्ष्य प्रस्तुत किए गये थे। नवीन जयहिंद के राज्य नेतृत्व में 89 सदस्यों ने बदलाव की मांग की, जबकि वर्तमान राज्य नेतृत्व को बनाए रखने के पक्ष में केवल 14 सदस्य थे। मगर हमें यह बताते हुए खेद है कि सुशील गुप्ता द्वारा इस संबंध में प्रस्तुत रिपोर्ट पक्षपातपूर्ण है। सुशील गुप्ता ने निष्कर्ष निकाला है कि समस्या केवल संचार की कमी है, और नवीन जयहिंद के साथ सदस्यों का गुस्सा या मतभेद गंभीर प्रकृति के नहीं हैं। 

नवीन पर आरोप- आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल वित्तीय अनियमितताएं और जातिवाद
हम यह बताना चाहते हैं कि नवीन जयहिंद के खिलाफ आरोप बहुत गंभीर प्रकृति के हैं, जिसमें आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल और पार्टी कार्यकर्ताओं पर ढेर सारे अपमान, वित्तीय अनियमितताएं और जातिवाद शामिल हैं। इन नेताओं का कहना है कि स्टेट काउंसिल का प्रतिनिधित्व करते हुए, 12 जुलाई 2019 को हमने गोपाल राय को अनुरोध किया कि राज्य संयोजक नवीन जयहिंद के व्यवहार और गतिविधियों की नए सिरे से जांच की जाए और राज्य में अपनी उपस्थिति को मजबूत करने और पार्टी के हितों में राज्य संयोजक के रूप में उन्हें तुरन्त प्रभाव से हटाया जाए।



आप नेताओं अंबाला लोकसभा अध्यक्ष योगेश्वर शर्मा, रोहतक लोकसभा अध्यक्ष पंकज बेनिवाल, प्रदेश प्रवक्ता आरएम राठी, राज्य कार्यकारिणी सदस्य विवेक लंाबा, गुरुग्राम लोकसभा अध्यक्ष मंजीत जैलदार, भिवानी लोकसभा अध्यक्ष जनरल रणवीर यादव, भिवानी जिला अध्यक्ष पवन हिंदुस्तानी, पंचकूला संगठन मंत्री सुरेंद्र राठी, अंबाला लोकसभा एससी सैल विकास चौधरी, सोनीपत लोकसभा संगठन मंत्री अनिल तुशीर, पंचकूला विधानसभा अध्यक्ष सुशील मेहता, नलवा विधानसभा अध्यक्ष अनुसूरा, हरियाणा मीडिया प्रभारी टीम रिशभ मल्होत्रा, यमुनानगर जिला उपाध्यक्ष रजनीश बक्शी, हल्का अध्यक्ष गोहाना सुनील कुमार सहित अन्य कई विधानसभा अध्यक्षों ने नवीन जयहिंद के खिलाफ उठे इस मोर्चे का समर्थन दिया है। 

Shivam