गृहमंत्री विज के हस्तक्षेप के बाद भारत लाया गया ऑस्ट्रेलिया में बैठा यमुनानगर का युवक

6/21/2022 7:47:10 PM

चंडीगढ़/यमुनानगर(धरणी): हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने उनके जनता दरबार में यमुनानगर से आई एक वृद्ध महिला की पीड़ा सुन कर यमुनानगर हुड्डा पुलिस चौकी में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर वेद पाल् को 3 अप्रैल को आदेश दिए थे कि ऑस्ट्रेलिया में उनके दामाद राजेंद्र सिंह आनंद की गिरफ्तारी के लिए वह भारत स्थित ऑस्ट्रेलिया के दूतावास से संपर्क करे और उनके सहयोग से इसे ऑस्ट्रेलिया से गिरफ्तार कर भारत लेकर आए। आखिरकार मंगलवार को इम्मीग्रेशन विभाग ने राजेंद्र सिंह को पकड़ कर यमुनानगर पुलिस को हैंड ओवर कर दिया है। पुलिस राजेंद्र सिंह को हिरासत में लेकर संबंधित पुलिस थाने में पहुंची है तथा उसके विरुद्ध दर्ज मुकदमे के अंदर इन्वेस्टिगेशन कर रही है।

विज के जनता दरबार में फरियाद लेकर पहुंची थी महिला

दरअसल गृहमंत्री अनिल विज ने जांच अधिकारी को कहा था  कि भारतीय कानूनों के तहत प्रावधानों को अपनाते हुए इस वृद्ध महिला को उसकी बेटी ऑस्ट्रेलिया से सुरक्षित ला कर दी जाए तथा दोषी राजेंद्र सिंह आनंद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। अनिल विज ने कड़े तेवर दिखाते हुए कहा था कि भारत-आस्ट्रेलिया में एक दूसरे के आरोपी को लाने के लिए बाकायदा संधि बनाई गई है। पुलिस तुरंत भारत में ऑस्ट्रेलिया के राजदूत से संपर्क करें तथा लिखित रूप से अपनी जानकारी दें।

महिला ने बेटी को विदेश ले जाकर दामाद पर जबरन तलाक करने का लगाया था आरोप

गौरतलब है कि संतोष कौर नामक यमुनानगर वासी महिला अनिल विज के निवास पर उनके दरबार में पेश हुई थी। इस महिला ने बताया था कि उनकी बेटी कमलप्रीत कौर की शादी यमुनानगर के रामनगर निवासी राजेंद्र सिंह आनंद से हुई थी। राजेंद्र सिंह ऑस्ट्रेलिया में रहता है। राजेंद्र सिंह  इस वृद्ध महिला की पुत्री को ऑस्ट्रेलिया ले गया तथा वहां जाकर जबरन तलाक करा लिया। महिला का कहना है कि राजेंद्र सिंह आनंद के खिलाफ यमुनानगर हुड्डा पुलिस चौकी में मुकदमा नंबर 62 लगभग 13 माह पहले हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज के आदेश पर ही दर्ज किया गया था। जिसमें पुलिस ने अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की और ना ही ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले उनके दामाद की धरपकड़ की कोशिश की। 

महिला का आरोप था कि उनकी पुत्री कमलप्रीत कौर को ऑस्ट्रेलिया में उनके दामाद राजेंद्र सिंह आनंद ने बंधक बनाकर रखा हुआ है तथा उसका पासपोर्ट भी अपने पास कब्जे में ले रखा है। महिला ने बताया था कि उनकी अपनी बेटी से बात हुए काफी समय बीत चुका है। इसलिए उन्हें यही नहीं पता कि उनकी बेटी वहां किस हाल में है और कहां रह रही है। वृद्ध महिला ने अनिल विज के समक्ष अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा था कि ऑस्ट्रेलिया में उनका दामाद राजेंद्र सिंह आनंद तलाक लेने के बाद भी उनकी बेटी कमलप्रीत कौर का उत्पीड़न व शोषण कर रहा है। इस महिला ने गुहार लगाई कि पुलिस इस मामले में उसकी बेटी वहां से बरामद कर कर उसे दे तथा दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। 

महिला की पीड़ा सुन भावुक हो गए थे विज

अनिल विज इस महिला की पीड़ा को सुनकर काफी भावुक हुए थे तथा उन्होंने तुरंत अपने पीए को यमुनानगर हुड्डा क्षेत्र के सब इंस्पेक्टर वेदपाल को फोन मिलाने के लिए कहा था। सब इंस्पेक्टर को विज ने सख्त आदेश दिए थे कि इस मामले में वह तुरंत कार्रवाई करें। जब सब इंस्पेक्टर कार्यवाही ना करने के कारण बता रहा था तथा दोषी के आस्ट्रेलिया में होने की बात कह रहा था, तब अनिल विज ने कड़े तेवर दिखाते हुए उसे कहा कि भारत तथा ऑस्ट्रेलिया में एक दूसरे के आरोपी को लाने के लिए संधि है। पुलिस तुरंत भारत में ऑस्ट्रेलिया के राजदूत से संपर्क करें तथा लिखित रूप से अपनी जानकारी दें,तथा महिला की पुत्री कमल प्रीत कौर को सकुशल ऑस्ट्रेलिया से भारत लाए तथा  दोषी राजेंद्र सिंग्घ आनंद को भारत लाकर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भीबस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Vivek Rai