इनेलो से भाजपा ज्वाइन करने के बाद बेनीवाल ने थामा कांग्रेस का दामन, रोचक होगा ऐलनाबाद उप चुनाव!

9/13/2021 8:38:08 PM

ऐलनाबाद (सुरेंद्र सरदाना): दो बार भाजपा की टिकट से चुनाव लडऩे वाले और वर्तमान में ऐलनाबाद विधानसभा में अपने बलबूते पर भाजपा में जान डालने वाले पवन बेनीवाल ने अब कांग्रेस का दामन थाम लिया है। बेनीवाल नई दिल्ली में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी शैलजा के नेतृत्व में कांग्रेस में शामिल हुए। कभी अभय सिंह चौटाला के दाएं हाथ माने जाने वाले पवन बेनीवाल ने उनके रिश्तों में दरार आने के बाद दो बार ऐलनाबाद विधानसभा से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ा। हालांकि बेनीवाल ने जीत तो हासिल नहीं की, लेकिन अपने प्रतिद्वंदी अभय सिंह चौटाला कड़ी टक्कर दी।

सम्मान के बावजूद महसूस हुई घुटन 
बेनीवाल विधानसभा तो नहीं पहुंच सके लेकिन सत्तारूढ़ भाजपा ने अपनी सरकार में पवन बेनीवाल को सम्मान देने के लिए हरियाणा बीज विकास निगम का चेयरमैन बना दिया। इसके बावजूद बेनीवाल ने चुनाव के दौरान चौपटा और ऐलनाबाद के लोगों से जो वायदे किए थे उनके पूरे न होने को मुद्दा बनाया और भाजपा में घुटन महसूस करने लगे। इसके अलावा केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कृषि कानूनों को भी बेनीवाल ने किसान विरोधी समझा और किसानों द्वारा लगाए गए पक्के मोर्चे पर बेनीवाल ने भाजपा को अपना त्याग पत्र दे दिया। इसके बाद किसानों का समर्थन करते हुए कृषि कानूनों के विरोध में उतर आए।



तमाम अटकलों पर लगाया विराम
तब यह अटकलें लगाई जाने लगी कि भाजपा से त्याग पत्र देने के बाद पवन बेनीवाल कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा कर देंगे। लेकिन वे पांच महीने तक राजनीति में निष्क्रिय रहे और गत कुछ दिनों से फिर दोबारा राजनीति में सक्रिय हुए। जिसके बाद अटकलें लगाई जाने लगीं कि बेनीवाल का अपना खासा वोट बैंक होने के चलते वे आजाद उम्मीदवार के रूप में ऐलनाबाद विधानसभा उप चुनाव में अपनी किस्मत आजमा सकते हैं। लेकिन सोमवार को बेनीवाल कांग्रेस में शामिल हुए तो तमाम अटकलों पर विराम लग गया। 

कांग्रेस में फूंकेंगे नई जान
अब देखना यह होगा कि ऐलनाबाद में होने वाले उपचुनाव में पवन बेनीवाल कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में सामने आते हैं या फिर कोई अन्य उम्मीदवार कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ेगा। लेकिन इतना जरूर है कि पवन बेनीवाल के कांग्रेस में शामिल होने से ऐलनाबाद में बीजेपी को  तगड़ा झटका लगा है। वहीं संभावना है कि ऐलनाबाद में जो कांग्रेस वेंटिलेटर पर आ गई थी वह अब आराम से सांस लेगी और पवन बेनीवाल कांग्रेस में नई जान फूंक सकते हैं।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Shivam