जींद उपचुनाव में हार के बाद इनेलो हांसी में दिखाएगी अपनी ताकत

2/21/2019 10:34:25 AM

चंडीगढ़(बंसल): चौटाला परिवार में बिखराव व जींद उपचुनाव में मिली हार के बाद अब इनैलो हांसी में अपना शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है। नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला व इनैलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने कहा कि इनैलो प्रदेश के किसान, बेरोजगार युवा व कर्मचारियों के मुद्दों को लेकर 1 मार्च को हांसी में ‘जन अधिकार’ रैली का आयोजन करेगी। इस रैली में मुख्य वक्ता इनैलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला होंगे। हांसी हिसार संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है और दुष्यंत चौटाला ने ऐलान भी कर दिया है कि वह हिसार से ही संसदीय चुनाव लड़ेंगे। ऐसे में इस रैली को राजनीतिक दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण माना जा सकता है।

रैली के लिए जिला प्रभारी नियुक्त
इनैलो ने ‘जन अधिकार’ रैली के लिए जिला प्रभारियों की भी नियुक्ति की है। जिला पलवल, गुरुग्राम व मेवात की जिम्मेदारी नेता प्रतिपक्ष स्वयं संभालेंगे और रोहतक व कुरुक्षेत्र की जिम्मेदारी इनैलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा को दी गई है। पूर्व सी.पी.एस. रामपाल माजरा जिला जींद-कैथल, राज्यसभा सांसद रामकुमार कश्यप करनाल, पूर्व स्पीकर गोपीचंद गहलोत भिवानी-दादरी, पूर्व आई.ए.एस. अधिकारी बी.डी. ढालिया अम्बाला, पूर्व डी.जी.पी. एम.एस. मलिक सोनीपत, पूर्व विधायक कलीराम पटवारी पानीपत, पूर्व विधायक दिलबाग सिंह यमुनानगर, पूर्व एम.पी. कैप्टन इंद्र सिंह झज्जर, पूर्व विधायक रामकुमार सैनी फरीदाबाद, पूर्व विधायक राव बहादुर सिंह रेवाड़ी, पूर्व विधायक रणबीर मंदोला महेंद्रगढ़, कर्ण चौटाला सिरसा और पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी जिला पंचकूला के प्रभारी बनाए गए हैं।
 

Deepak Paul