निगम चुनाव परिणाम के बाद बोले भूपेंद्र हुड्डा, पूरे हरियाणा में हारेगी भाजपा

12/31/2020 8:54:49 AM

पानीपत : हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने नगर निगम के चुनाव पर टिप्पणी करते हुए कहा कि नगर निगम, नगरपालिका ही नहीं अब पूरे हरियाणा में भाजपा हारेगी। लोगों का मन बदल चुका है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा दिल्ली से चंडीगढ़ जाते हुए पानीपत टोल टैक्स पर धरने पर बैठे किसानों को समर्थन देने के बाद पत्रकारों के साथ बातचीत कर रहे थे। पूर्व मुख्यमंत्री व विपक्ष के नेता हुड्डा ने कहा कि सरकार को किसान हित में फैसला लेना चाहिए। जो तीन कानून हैं वे किसानों के हित में नहीं हैं। नगर निगम के चुनाव परिणाम के बारे में पूछे जाने पर हुड्डा ने कहा कि निगम ही नहीं, अब पूरे हरियाणा में भाजपा हारेगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हरियाणा विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव की मांग रखी है तथा बैठक कर अविश्वास प्रस्ताव लाएगी, इससे दोहरे चरित्र के लोगों का चेहरा सामने आएगा। किसानों के बीच जाकर कु छ कहते हैं और चंडीगढ़ में कु छ और कहते हैं इसलिए कांग्रेस बैठक कर अविश्वास प्रस्ताव लाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि यह जनविरोधी फैसलों का ही परिणाम है कि भाजपा हर जगह हार रही है।
 

Manisha rana