Agniveer Bharti 2026: हरियाणा में 20 जुलाई से अग्निपरीक्षा! जानें कब और कहाँ होगी आपके जिले की रैली
punjabkesari.in Friday, Jul 03, 2026 - 12:41 PM (IST)
डेस्क: हरियाणा में 'अग्निपथ योजना' के तहत भारतीय सेना की भर्ती रैलियों का बिगुल बज चुका है। राज्य सरकार ने घोषणा की है कि आगामी 20 जुलाई से प्रदेश में चार अलग-अलग चरणों में भर्ती रैलियों की शुरुआत होगी, जो मार्च 2027 तक जारी रहेंगी। युवाओं के इस महा-अभियान को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने राज्य स्तरीय संचालन समिति की बैठक में सभी विभागों को सेना के अधिकारियों के साथ बेहतर तालमेल बनाने के कड़े निर्देश दिए हैं।
मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया है कि सेना भर्ती में आने वाले युवाओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए उन्होंने व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने को कहा है। भर्ती स्थलों पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, निर्बाध बिजली, और चिकित्सा सुविधाओं के साथ एंबुलेंस की तैनाती। अभ्यर्थियों तथा सेना के अधिकारियों के रहने का उचित प्रबंध। संबंधित जिलों के उपायुक्त (DCs) स्वयं इन तैयारियों की निगरानी करेंगे। हर जिले में जिला प्रशासन और सेना के बीच बेहतर तालमेल के लिए एक विशेष नोडल अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी।
भर्ती का पूरा शेड्यूल (चार चरण)
भर्ती अभियान को अलग-अलग जिलों के अनुसार चार चरणों में विभाजित किया गया है:
चरण तिथि भर्ती स्थल (जिला) शामिल होने वाले जिले
- पहला चरण 20 से 27 जुलाई रोहतक रोहतक, झज्जर, पानीपत, सोनीपत
- दूसरा चरण 2 से 18 सितंबर भिवानी भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी
- तीसरा चरण 12 से 25 अक्तूबर अंबाला अंबाला, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, पंचकूला, यमुनानगर, चंडीगढ़
- चौथा चरण जनवरी - मार्च 2027 हिसार हिसार, हांसी, जींद, फतेहाबाद, सिरसा
स्कूलों में विशेष कॉर्नर
प्रदेश के सरकारी स्कूलों में "नो योर आर्म्ड फोर्सेज" (Know Your Armed Forces) नाम से विशेष कॉर्नर बनाए जाएंगे। यहाँ विद्यार्थियों को भारतीय सेना में करियर, देश सेवा और भर्ती प्रक्रियाओं से जुड़ी हर प्रकार की महत्वपूर्ण जानकारी और प्रेरणादायी सामग्रियां उपलब्ध कराई जाएंगी।
अग्निवीरों के लिए डिजिटल डेटाबेस (पोर्टल)
4 साल की सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों के लिए एक विशेष डिजिटल पोर्टल तैयार किया जाएगा। इसमें उनकी योग्यता, कौशल (Skills) और सैन्य प्रशिक्षण का पूरा ऑनलाइन रिकॉर्ड रहेगा, ताकि उन्हें भविष्य में रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
पूर्व अग्निवीरों को हरियाणा सरकार की ओर से मिलने वाली सुविधाएं
हरियाणा सरकार ने अब तक कुल 7,228 अग्निवीरों की भर्ती की है। सेना से लौटने वाले इन युवाओं को राज्य सरकार कई आकर्षक लाभ दे रही है। पहले बैच के 2,227 अग्निवीरों को हरियाणा सरकारी नौकरियों में ऊपरी आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट दी जाएगी। पुलिस, वन रक्षक (Forest Guard) और माइनिंग गार्ड की भर्ती में 10% आरक्षण मिलेगा। ग्रुप-सी की सरकारी नौकरियों में 5% का कोटा निर्धारित किया गया है। विभिन्न सरकारी विभागों, बोर्डों और निगमों की भर्तियों में इन्हें प्राथमिकता दी जाएगी।
खुद का व्यवसाय शुरू करने के लिए बैंक ऋण (Bank Loan) के ब्याज में सरकारी मदद दी जाएगी। जो भी निजी कंपनी पूर्व अग्निवीर को 30 हजार रुपये से अधिक मासिक वेतन पर नौकरी देगी, उसे सरकार की तरफ से 60 हजार रुपये सालाना सब्सिडी दी जाएगी।