हरियाणा के अग्निवीरों के लिए बड़ी खबर; सैन्य सेवा पूरी होते ही सरकारी नौकरी का रास्ता होगा साफ...आरक्षित पदों की तलाश शुरू

punjabkesari.in Wednesday, Aug 26, 2026 - 05:48 PM (IST)

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के तहत हरियाणा से सेना में भर्ती हुए अग्निवीरों का पहला बैच अब किसी भी समय अपना निर्धारित कार्यकाल पूरा कर वापस लौट सकता है। इसे देखते हुए हरियाणा सरकार ने अग्निवीरों को राज्य के विभिन्न विभागों, बोर्डों और निगमों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रक्रिया तेज कर दी है। सरकार ने पूर्व सैनिकों के लिए सीधी भर्ती कोटे में आरक्षित पदों की उपलब्धता का विस्तृत ब्योरा जुटाना शुरू कर दिया है।

पूर्व सैनिकों को क्षैतिज आरक्षण का लाभ
हरियाणा सरकार पहले ही प्रदेश के मूल निवासी पूर्व सैनिकों को सरकारी नौकरियों में क्षैतिज आरक्षण का लाभ देने का निर्णय ले चुकी है। अब इसी व्यवस्था के तहत विभिन्न सरकारी विभागों में उपलब्ध आरक्षित रिक्तियों की स्थिति स्पष्ट की जा रही है। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अग्निवीरों के सैन्य कार्यकाल के बाद उन्हें सरकारी सेवा में अवसर उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक पदों की जानकारी पहले से तैयार रहे।

सभी विभागों से तत्काल मांगी गई रिपोर्ट
सामान्य प्रशासन विभाग की मानव संसाधन-2 शाखा ने सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, मंडलायुक्तों, उपायुक्तों तथा बोर्ड एवं निगमों के प्रबंध निदेशकों और मुख्य प्रशासकों को निर्देश जारी किए हैं। इन अधिकारियों से सीधी भर्ती कोटे के तहत पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षित रिक्त पदों की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने को कहा गया है।
सरकार ने विशेष रूप से उन पदों का ब्योरा मांगा है, जिन पर भर्ती हरियाणा लोक सेवा आयोग और हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से की जानी प्रस्तावित है। विभागों और बोर्ड-निगमों को निर्धारित प्रोफार्मा में पूरी जानकारी भेजनी होगी।

श्रेणीवार रिक्तियों का भी देना होगा विवरण
रिपोर्ट में पद का नाम, संबंधित पद पर आरक्षण का प्रतिशत, पूर्व सैनिकों के लिए संभावित रिक्तियों की संख्या तथा श्रेणीवार रिक्तियों का पूरा विवरण शामिल करना होगा। इसमें यूआर, ओएससी, डीएससी, बीसी-ए, बीसी-बी और ईडब्ल्यूएस श्रेणियों के तहत पूर्व सैनिकों के लिए चिन्हित पदों की जानकारी भी देनी होगी।
इसके अलावा विभागों को यह भी बताना होगा कि पूर्व सैनिकों के लिए भर्ती किस महीने में प्रस्तावित है। इससे सरकार को अलग-अलग विभागों में उपलब्ध अवसरों और भर्ती की संभावित समय-सारिणी की स्पष्ट तस्वीर मिल सकेगी।

अगले सप्ताह हो सकता है बड़ा फैसला
सरकार द्वारा सभी विभागों से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद अगले सप्ताह इस मुद्दे पर आगे की कार्रवाई को लेकर निर्णय लिए जाने की संभावना है। इससे अग्निवीरों के लिए सैन्य सेवा पूरी करने के बाद राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में रोजगार के रास्ते खुल सकते हैं।

अग्निपथ योजना के तहत चार वर्ष की सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों के सामने भविष्य के रोजगार का सवाल महत्वपूर्ण रहा है। ऐसे में हरियाणा सरकार की ओर से आरक्षित पदों का ब्योरा जुटाने की कवायद को अग्निवीरों के पुनर्वास और रोजगार से जोड़कर देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में विभागवार रिक्तियों का आंकड़ा सामने आने के बाद सरकार इस दिशा में भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ा सकती है।   

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

static