सचखंड एक्सप्रैस से गिरकर आगरा निवासी का कटा पैर, चंडीगढ़ रैफर

11/16/2019 12:45:02 PM

अम्बाला छावनी (हरिंद्र): सचखंड एक्सप्रैस में सफर कर रहा एक व्यक्ति शुक्रवार अचानक चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। ट्रेन से गिरने की वजह से उसका पैर कट गया। गंभीर अवस्था में घायल को उपचार के लिए छावनी सिविल अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल को चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया। घायल की पहचान आगरा निवासी केवल सिंह (40) के तौर पर हुई है। केवल सिंह ने बताया कि वह मूलरूप से आगरा का रहने वाला है और लुधियाना में कपड़े सिलने का काम करता है।

उसके भतीजे की शादी है और वह शादी समारोह में शामिल होने के लिए ट्रेन नंबर 12716 सचखंड एक्सप्रैस से आगरा जा रहा था। ट्रेन सुबह लगभग 10 बजे छावनी रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन के रवाना होने के कुछ देर बाद ही अचानक उसे झटका लगा और वह ट्रेन से नीचे गिर गया। उसने बताया कि वह जनरल कोच में दरवाजे पर खड़ा हुआ था। पड़ाव थाने के पास हुए हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे और तुरंत घायल को एम्बुलैंस की मदद से सिविल अस्पताल भिजवाया।

जी.आर.पी. थाना प्रभारी रामबच्चन राय ने बताया कि सिविल अस्पताल से संदेश प्राप्त हुआ था कि एक व्यक्ति चलती ट्रेन से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना के बाद तुरंत मौके पर एच.सी. कर्ण सिंह को भेजा गया, लेकिन उसे पहले ही चंडीगढ़ रैफर कर दिया था। घायल के बयान लेने के लिए जांच अधिकारी को चंडीगढ़ भेजा गया है।

Isha