''कोई भी कुछ भी कह सकता है, इससे सच्चाई नहीं बदलती'', अभय चौटाला के वोट खरीदने के आरोपों पर कृषि मंत्री का जबाव
punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 03:52 PM (IST)
रोहतक (दीपक भारद्वाज) : रोहतक में आयोजित एक कार्यक्रम में हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने शिरकत करते हुए किसानों, राज्यसभा चुनाव और मौजूदा हालात पर अपनी प्रतिक्रिया दी। यह कार्यक्रम एक निजी वेटरनरी कॉलेज में आयोजित किया गया, जहां मंत्री ने विभिन्न मुद्दों पर मीडिया से खुलकर बातचीत की।
राज्यसभा चुनाव को लेकर उठे विवादों पर बोलते हुए श्याम सिंह राणा ने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी व्यक्ति को चुनाव लड़ने का अधिकार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्दलीय उम्मीदवार को मैदान में उतारना पूरी तरह लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है। अभय चौटाला द्वारा लगाए गए वोट खरीदने के आरोपों पर उन्होंने कहा कि “कोई भी कुछ भी कह सकता है, इससे सच्चाई नहीं बदलती।” उन्होंने यह भी कहा कि निर्दलीय उम्मीदवार को निर्दलीय विधायकों ने ही समर्थन देकर खड़ा किया था।
बेमौसम बारिश के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि सामान्य बारिश से फसलों को फायदा होता है, लेकिन ओलावृष्टि और तेज हवाएं नुकसान पहुंचा सकती हैं। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी हर संभव मदद के लिए तैयार है।
किसानों की आय बढ़ाने को लेकर उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अगर किसान अपनी फसल को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से कम दाम पर बेचते हैं तो भावांतर योजना के तहत उसकी भरपाई की जाती है। इसके अलावा प्राकृतिक खेती, बागवानी और पशुपालन को बढ़ावा दिया जा रहा है। पशुपालन को प्रोत्साहित करने के लिए एक गाय पर 30 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है, जबकि प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को 10 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता मिलती है।
अंतरराष्ट्रीय हालात पर बोलते हुए मंत्री ने कहा कि वैश्विक तनाव के बावजूद भारत पर इसका असर सीमित रहा है, जिसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को जाता है। उन्होंने कहा कि देश मजबूत हाथों में है और आगे भी प्रगति करता रहेगा।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)