अजय चौटाला ने छोटे भाई अभय को दी इस्तीफा देने की चुनौती, कहा- इतना आसान नहीं...

9/25/2020 8:54:52 PM

जींद (जसमेर): जींद जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व सांसद डॉ. अजय सिंह चौटाला ने शुक्रवार को जींद में अपने छोटे भाई इनैलो विधायक अभय सिंह चौटाला पर बड़ा राजनीतिक हमला बोलते हुए अभय सिंह को विधानसभा से इस्तीफा देने की चुनौती दे डाली।

जींद में पूर्व उपप्रधानमंत्री चौ. देवीलाल के जन्मदिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे डॉ. अजय सिंह चौटाला ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अभय सिंह चौटाला आज दुष्यंत और रणजीत सिंह से इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इस्तीफा देना इतना आसान है तो अभय सिंह चौटाला विधानसभा से इस्तीफा दे दें। जहां तक चौ. रणजीत सिंह और दुष्यंत चौटाला की रगों में चौ. देवीलाल का खून दौडऩे की बात है तो दोनों की रगों में चौ. देवीलाल का ही खून दौड़ रहा है।

जजपा विधायकों द्वारा पार्टी लाइन से हटकर पार्टी नेतृत्व की आलोचना से जुड़े सवाल पर डॉ. अजय सिंह ने कहा कि कुछ कोर इश्यू को लेकर विधायक कुछ कह रहे हैं तो उन्हें इसकी आजादी है। 

बरोदा हलके में भाजपा नेताओं का जनता द्वारा विरोध किए जाने से जुड़े सवाल पर अजय सिंह चौटाला ने कहा कि इसका जवाब भाजपा नेता दे सकते हैं। जहां तक उनकी बात है तो वह हर रविवार को बरोदा हलके का दौरा कर रहे हैं। उनका कहीं कोई विरोध नहीं हो रहा। 

Shivam