अजय चौटाला के करीबी का बेटा बना डिप्टी CM का सचिव, 1 रुपए महीना होगी सैलरी

6/27/2020 11:18:02 AM

चंडीगढ़(धरणी): प्रदेश सरकार के बढ़ते कार्यकाल के साथ-साथ राजनीतिक नियुक्तियों का सिलसिला भी जारी है। शुक्रवार को जजपा खेमे से सिरसा के एडवोकेट राहुल देव गौड़ को डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला का सचिव नियुक्त किया गया। वे एक रुपये महीना सैलरी लेंगे। उनकी नियुक्ति अस्थाई पोस्ट पर हुई है,जब तक डिप्टी सीएम चाहेंगे वे अपनी सेवाएं देते रहेंगे।

मुख्य सचिव कार्यलय ने इस संबंध में पत्र जारी किया। राहुल गौड़, उनके पिता राधे श्याम शर्मा और उनकी मां प्रोमिला शर्मा इनेलो से पुराने समय से जुड़े रहे थे,हालांकि पार्टी में फूट के बाद वे जजपा में आ गए थे। उनका परिवार अजय चौटाला से जुड़ा रहा है। राहुल गौड़ अजय चौटाला व उनके परिवार पर चल रहे सभी मुकदमों से जुड़े कानूनी पहलू को संभालते हैं।

इसके साथ-साथ राधेश्याम शर्मा पूर्व पार्षद रहे हैं। वे ब्राह्मण सभा के प्रधान भी रहे हैं। राधेश्याम शर्मा पूर्व में सिरसा के अंदर अजय चौटाला को जोड़कर ब्राह्मणों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करवाते थे। उनकी पत्नी प्रोमिला शर्मा इनेलो में प्रदेश कार्यकारिणी की उपाध्यक्ष रह चुकी हैं। राजनीतिक हल्कों में चर्चा है कि अजय चौटाला के करीबी होने का ही इनाम मिला है,जो अब राहुल गौड़ को सचिव बनाया गया है।

 

 

Isha