परीक्षा देने के लिए इनेलो नेता अजय चौटाला को मिली पैरोल

6/30/2018 11:08:40 AM

दिल्ली (ब्यूरो): हाईकोर्ट ने इनेलो नेता अजय चौटाला को परीक्षा देने के लिए दो दिन की पैरोल दे दी है। अजय चौटाला ने कोर्ट से हरियाणा के गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय की परीक्षा में शामिल होने के लिए पैरोल की मांग की थी।जस्टिस विनोद गोयल ने हरियाणा के सिरसा में पीजी डिप्लोमा इन काउंसलिंग एंड बिहेवियर मैनेजमेंट की परीक्षा देने के लिए अजय चौटाला को 2 दिन की पैरोल दी है। उन्हें एक जुलाई को सरेंडर करने का निर्देश दिया गया है। 

यह भी पढ़े  :  इनेलो हरियाणा प्रदेश कार्यकारिणी भंग


दिल्ली सरकार के अधिवक्ता ने इसका विरोध करते हुए कहा कि अजय चौटाला को पैरोल प्रदान करने की बजाय पुलिस हिरासत में परीक्षा देने के लिए सिरसा भेजा जाए। याची के वकील अमित साहनी ने कहा कि यह परीक्षा सिरसा में होनी है अौर दिल्ली से वहां तक पहुंचने में पांच घंटे का समय लगता है। पांच घंटे की यात्रा के बाद परीक्षा में शामिल होना संभव नहीं है। कोर्ट ने इन दलीलों पर सहमति जताते हुए चौटाला को दो दिन पैरोल प्रदान की है।  

यह भी पढ़े  :  इनेलो के प्रदेश संयोजकों की सूची जारी, शीला भ्याना बनी महिला प्रकोष्ठ की प्रधान


उल्लेखनीय है कि अजय चौटाला अपने पिता अोम प्रकाश चौटाला के साथ तिहाड़ जेल में 10 साल की कैद की सजा काट रहे हैं। हरियाणा के जेबीटी भर्ती घोटाला मामले में अजय चौटाला के अलावा हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला और 53 अन्य लोगों को दोषी पाया गया था। ये घोटाला वर्ष 2000 में अंजाम दिया गया था। इसमें करीब 3206 जेबीटी शिक्षकों की नियुक्तियों में गड़बड़ी की गई थी।  

Nisha Bhardwaj