"गठबंधन की वजह से हुआ नुकसान..." नायब सैनी के बयान पर अजय चौटाला का पलटवार

punjabkesari.in Monday, Jul 08, 2024 - 01:56 PM (IST)

रोहतक (दीपक भारद्वाज): जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह चौटाला ने रोहतक स्थित जेजेपी कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक ली। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि भाजपा से गठबंधन करने के लिए वो नहीं गए थे, भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने गठबंधन के लिए पहल की थी। अजय सिंह ने तो ये तक कह दिया कि भाजपा के साथ गठबंधन का खामियाजा जननायक जनता पार्टी को भुगतना पड़ा है। उन्होंने कहा कि जो आज इस तरह की बात करते हैं वो अपने गिरेबान में झांककर देखिए कि उनकी स्थिति क्या है।

 

वहीं अजय चौटाला ने कहा कि सीएम नायब सैनी और मनोहर लाल ने कहा था कि वो दुष्यंत की इंक्वायरी करवाएंगे। वो इंक्वायरी के लिए अब क्यों नहीं कहते। राज तो उन्ही का है, कलम भी उन्हीं के पास है, ऑर्डर भी उन्हीं ने करने हैं। उन्होंने कहा कि दुष्यंत के खिलाफ इंक्वायरी की बात करते हैं, पर जिस भूपेंद्र सिंह हुड्डा के खिलाफ अदालत में बकायदा सबूत के साथ पिछले 10 साल से मुकदमें चल रहे हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा के खिलाफ सबूत होने के बावजूद भी भाजपा चुं भी नहीं कर रही है।

 

हुड्डा से मांगेंगे माफी

 

वहीं उन्होंने भूपेंद्र सिंह हुड्डा के जननायक जनता पार्टी पर किसान विरोधी होने के आरोपों पर घोषणा कर दी कि साढ़े 4 साल के शासनकाल के दौरान अगर कोई भी फैसला किसान विरोधी किया हो या कोई बयान बाजी की हो तो वो भूपेंद्र सिंह हुड्डा से माफी मांगने को तैयार है और जो भी भूपेंद्र सिंह हुड्डा कहेंगे वही जननायक जनता पार्टी करेगी। नवीन जय हिंद के राज्यसभा चुनाव लड़ने पर अजय सिंह बोले कि नवीन जय हिंद के पास तो 10 प्रपोजर विधायक भी नहीं है नवीन जय हिंद आज चुनाव लड़ने की स्थिति में नहीं है।

 

उन्होंने कहा कि जननायक जनता पार्टी गलतियों से सीख कर आगे बढ़ाने वाली पार्टी है और जो भी गलतियां उनसे इन साढ़े 4 साल के कार्यकाल दौरान हुई है वो उसके लिए जनता से माफी मांगने को तैयार है और सभी गलतियां में सुधार भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता आज चाहे कोई भी बयानबाजी करते रहे भाजपा से गठबंधन करने का नुकसान जननायक जनता पार्टी को हुआ है। जेजेपी भाजपा से गठबंधन करने नहीं गई थी। बल्कि भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व में गठबंधन की पहल की थी।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Nitish Jamwal

Related News

static