अजय ने जींद में बुलाई कार्यकर्ताओं की बैठक, हो सकता है नई पार्टी का एेलान

11/17/2018 10:37:52 AM

चंडीगढ़(धरणी): इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) और चौटाला परिवार में शनिवार को आर-पार का एेलान होगा। अजय चौटाला जींद में तो अभय चौटाला चंडीगढ़ में शक्ति प्रदर्शन करेंगे। अजय नई पार्टी का एेलान और चश्मे पर दावा कर सकते हैं। 

बताया जा रहा है कि अाज शनिवार को बुलाई गई पार्टी की बैठक में अभय़ चौटाला पार्टी सुप्रीमों का एक और पत्र पढ़ सकते हैं, जो अजय गुट को झटका दे सकता है। उधर, अजय की पत्नी नैना चौटाला ने ऐलनाबाद के गांव जमाल में हरी चुनरी कार्यक्रम में कहा कि जींद में हम एक नया झंडा और डंडा गाड़ेंगे। पार्टी पर अभय ने कब्जा कर लिया है। अजय को निकालकर दिखा दिया कि वो गुंडे हैं आैर गुंडे ही रहेंगे। बेटे दुष्यंत को एक बार मौका दीजिए। 

दोनों भाई शक्ति प्रदर्शन को तैयार 
अजय: दोपहर 1 बजे दीप पैलेस में मीटिंग, 2 बजे देवीलाल ग्राउंड में शक्ति प्रदर्शन करेंगे। ठीक मंच भी उसी जगह तैयार किया गया है। जहां 1987 में स्व. देवीलाल का था। खेमे के शीर्ष नेता दिनभर विधायकों और पदाधिकारियों से संपर्क करते रहे। 

संभावनाएं: पार्टी चुनाव चिह्न चश्मे पर भी करेंगे दावा। कोर्ट और चुनाव आयोग जाने का करेंगे ऐलान। अजय नए संगठन का एेलान और दुष्यंत न्याय यात्रा की घोषणा कर सकते हैं। 

अाज वहां 4 विधायकों और कार्यकारिणी के 600 तक सदस्यों के पहुंचने की उम्मीद है।  जहां पार्टी छोड़ गए पुराने नेता और भाजपा व कांग्रेस के भी कुछ नेता दिख सकते हैं।

अभय: चंडीगढ़ में सुबह 10 बजे कार्यकारिणी की बैठक, नैना चौटाला का भी हो सकता है निष्कासन 

गतिवस देर शाम पदाधिकारी चंडीगढ़ पहुंचने लगे थे। इसको लेकर बकायदा दिनभर लिस्ट बनाई कि कौन आ चुका है और कौन अाने वाला है। वहीं इनेलो पार्टी प्रवक्ता प्रवीण अत्रेय का दावा 15 विधायक मीटिंग में भाग लेंगे। अंदेशा जताया जा रहा है कि ओपी चौटाला का फरमान अभय पढ़कर सुना सकते हैं। नैना और अजय खेमे में जाने वालों का निष्कासन भी हो सकता है। अभय नेता प्रतिपक्ष का पद त्याग सकते हैं। 

वहीं कार्यकारिणी के 300 के करीब सदस्य पहुंच सकते हैं। वहीं 15 विधायकों के साथ होने का दावा भी किया जा रहा है, पर करीब 12 पहुंच सकते हैं। दो सांसद भी रहेंगे। 

इनेलो का अस्तित्व खत्म
चौटाला परिवार में घमासान पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि इनेलो का अस्तित्व खत्म है। उनके वर्कर हमारी तरफ देख रहे हैं, उन्हें खुद से जोड़ो।
 

Deepak Paul