शराब फुल, दवा गुल, यह है हरियाणा की नई पहचान : रणदीप सुरजेवाला

5/16/2021 8:15:24 AM

जींद : कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने शनिवार को पी.एम. मोदी से लेकर सी.एम. मनोहरलाल और डिप्टी सी.एम. दुष्यंत चौटाला पर जींद में बड़ा राजनीतिक हमला बोला। सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा में शराब फुल और दवा गुल है तथा यही हरियाणा की नई पहचान सी.एम. मनोहरलाल और डिप्टी सी.एम. दुष्यंत चौटाला ने बना दी है। दोनों ने आपदा को लूट-खसोट का जरिया बना लिया है। जनता के सवालों का जवाब सी.एम. और डिप्टी सी.एम. को जरूर देना पड़ेगा।

शनिवार को जींद शहर में चार्ली टार्नेडो मशीन से शहर का सैनिटाइजेशन शुरू करवाने से पहले मीडिया से बात करते हुए रणदीप सुर्जेवाला ने कहा कि पी.एम. मोदी, सी.एम. खट्टर और डिप्टी सी.एम. दुष्यंत चौटाला ने देश और प्रदेश को कोरोना संकट में डाल दिया है। लोगों के लिए न रोटी है, न रोजगार है, लेकिन कोरोना का प्रचार पूरा है। गांवों में कोरोना रोकने के लिए कोई इंतजाम नहीं हैं। हरियाणा में ऑक्सीजन का संकट नहीं बल्कि ऑक्सीजन इमरजेंसी है। पंचकूला समेत हरियाणा के 12 जिलों में आधा मीट्रिक टन ऑक्सीजन दी जा रही है और लोगों को मरने के लिए छोड़ दिया गया है। हैरानी की बात है कि खट्टर सरकार ने कोरोना का उपचार करने के लिए निजी अस्पतालों पर लाइसैंस लेने की शर्त लगा दी है और लाइसैंस के लिए लाखों रुपए रिश्वत मांगी जा रही है। वैक्सीन के लिए लोग धक्के खा रहे हैं।  भले ही प्रदेश में ऑक्सीजन और दवा नहीं हों, लेकिन शराब की नदियां बह रही हैं।

सी.एम. और डिप्टी सी.एम. को बताया किसान, मजदूर के दुश्मन
रणदीप सुरजेवाला ने सी.एम. मनोहरलाल और डिप्टी सी.एम. दुष्यंत चौटाला को किसानों और मजदूरों का दुश्मन बताया। उन्होंने कहा कि किसान मोदी सरकार के काले कृषि कानूनों के विरोध में पिछले साल से आंदोलन कर रहे हैं। अब किसानों को कोरोना के लिए सी.एम. मनोहरलाल जिम्मेदार ठहरा रहे हैं, जबकि इसके लिए जिम्मेदार मोदी और खट्टर सरकार हैं। सी.एम. मनोहरलाल को नैतिकता के आधार पर कुर्सी छोड़ देनी चाहिए।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

Manisha rana