हरियाणा में  सभी 10 लोकसभा सीटें भाजपा को ही मिलेंगी : सोमभाई मोदी

5/8/2019 8:33:57 AM

पानीपत(खर्ब): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बड़े भाई सोमभाई ने कहा कि पूरे भारत के लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फिर से देश की बागडोर सौंपना चाहते हैं। मैं जहां भी जाता हूं,लोग मोदी के प्रति अपना प्यार व्यक्त कर रहे हैं। मोदी के प्रति लोगों के उत्साह और उनकी भावनाओं से यह स्पष्ट हो रहा है कि भाजपा अच्छे बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। हरियाणा में भी सभी 10 लोकसभा सीटें भाजपा को ही मिलेंगी।सोमभाई मोदी ने चुनाव कार्यालय सैक्टर 25 में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है।

लोकतंत्र में प्राण संचार के लिए मतदान आवश्यक है, इसलिए हर कार्यकर्ता को प्रयास करना चाहिए कि अपने बूथ पर अधिक से अधिक मतदान हो। भारत में विकास की गति को जारी रखने के लिए भाजपा का बहुमत में आना जरूरी है।उन्होंने कहा कि आज भी मोदी के प्रति विशेष लगाव है। मोदी लहर के चलते देश में एक बार फिर से भाजपा पूर्ण बहुमत से अपनी सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के लिए जो कदम उठाए हैं आज तक किसी अन्य ने ऐसे प्रयास नहीं किए। मोदी ने महिलाओं, युवाओं, किसानों व जवानों को प्राथमिकता के आधार पर रखकर कार्य किए हैं।

kamal