26 अक्टूबर को पूरे प्रदेश में सामूहिक अवकाश पर रहेंगे सर्व कर्मचारी संघ

10/24/2018 3:50:24 PM

फतेहाबाद(रमेश भट्ट): फतेहाबाद में रोडवेज के समर्थन में सर्व कर्मचारी संघ की ओर से जनप्रतिनिधियों के साथ सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में पहुंचे सर्व कर्मचारी संघ के राज्य प्रधान धर्मवीर फोगाट ने हड़ताल के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि सरकार जानबूझकर हड़ताल को बढ़ावा दे रही है। सरकार द्वारा कर्मचारियों को नौकरियों से बर्खास्त किया जा रहा है। जिसे लेकर 26 अक्टूबर को पूरे प्रदेश में सर्व कर्मचारी संघ के कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। अगर फिर भी सरकार नहीं मानी तो सख्त फैसला लिया जाएगा। 

उन्होंने कहा कि जो रोडवेज की हड़ताल 2 दिनों में खत्म हो जानी चाहिए थी, वह अब भी जारी हैं। सर्व कर्मचारी संघ रोडवेज कर्मचारियों के साथ खड़ा है। 25 अक्टूबर को पूरे प्रदेश में जिला स्तर पर सभी उपायुक्त कार्यालय के समक्ष 1 दिन का क्रमिक अनशन सर्व कर्मचारी संघ के द्वारा किया जाएगा। उसके बाद 26 अक्टूबर को सर्व कर्मचारी संघ के कर्मचारी पूरे प्रदेश में सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। 

धर्मवीर फोगाट ने कहा कि सरकार की ओर से जो हडताल के दौरान कर्मचारियों की अनुबंध के आधार भर्ती की जा रही हैं वह सरासर गलत है। रोडवेज के कर्मचारी ही रोडवेज को चला सकते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें जनसमर्थन मिल रहा है और सरकार को भी चाहिए कि हड़ताल को खत्म करवाने का प्रयास करें।

 

Rakhi Yadav