हरियाणा सर्व कर्मचारियों का जेल भरो आंदोलन, सैंकड़ों ने दी गिरफ्तारी (VIDEO)

1/30/2018 8:11:45 PM

चंडीगढ़(ब्यूरो): पिछले 15 दिनों से समान काम समान वेतन अौर पक्का करने की मांग को लेकर आशा वर्कर्स ने आज सरकार की नीतियों के प्रति विरोध प्रदर्शन कर जेल भरो आंदोलन किया। सुरक्षा के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था। आज पूरे हरियाणा में सर्व कर्मचारी संघ ने जेल भरो आंदोलन कर गिरफ्तारियां दी। इसके साथ ही उन्होंने मांगें न मानने पर चक्का जाम करने की भी चेतावनी दी। 

फरीदाबाद(अनिल राठी): फरीदाबाद में हजारों आशा वर्करों ने आज जिला लघु सचिवालय पर सत्याग्रह करते हुए जेल भरो आंदोलन किया। इस आंदोलन में सर्व कर्मचारी संघ नगरपालिका कर्मचारी संघ और अन्य कर्मचारियों की दर्जनों यूनियन भी शामिल रही। हजारों कर्मचारियों ने पुलिस के सख्त पहरे को तोड़कर जिला लघु सचिवालय के सामने जमकर सरकार के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए । इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार की विफलताओं को और झूठे वायदों को गिनवाते हुए कहा कि सरकार या तो कर्मचारियों की मांगों को पूरा करें नहीं तो आने वाले दिनों में पूरे प्रदेश के कर्मचारी अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे। वही जेल भरो आंदोलन  के लिए पर्याप्त संसाधन ना होने पर कर्मचारियों ने कहा प्रशासन जेल में ले जाने के लिए वाहनों की व्यवस्था कर ले नहीं तो सभी कर्मचारी जिला मुख्यालय पर ही बैठे रहेंगे।

गोहाना(सुनील जिंदल): प्रदेश में सर्व कर्मचारी संध द्वारा जेल भरों आंदोलन किया जा रहा है। गोहाना के फव्वारा चौंक पर सर्व कर्मचारी संघ के बैनर तले इकट्ठा होकर सैकड़ों कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। सर्व कर्मचारी के जिला प्रधान धर्मपाल मलिक ने कहा की आज पूरे प्रदेश मे जिले लेवल पर सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा और ट्रेड यूनियन के आह्वान पर कच्चे कर्मचारियों का पक्का, समान काम समान वेतन, कर्मचारियों के भत्ते समय पर न देने, रिक्त पड़े पदों को नियमित करके भरने, पुरानी पेंशन नीति लागू करने आदि मांग को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।

सोनीपत(पवन राठी): सोनीपत में हज़ारों की संख्या में आशा वर्कर्स के अलावा सभी विभागों के कच्चे कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने पंचायत भवन से लेकर लघु सचिवालय तक रोष प्रदर्शन किया। हजारों की संख्या में सभी विभागों के कर्मचारियों ने गितफ्तारी दी। जिसके चलते सोनीपत पुलिस ने पुलिस लाइन में अस्थाई जेल बनाई। 

झज्जर(प्रवीण धनखड़): झज्जर में भारी संख्या में एकत्रित हुई 10 ट्रेड यूनियन के कर्मचारियों ने जेल भरो आंदोलन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जिसके बाद सैंकड़ों कर्मचारियों ने गिरफ्तारी दी। इसके साथ ही कर्मचारियों ने मांगे न मानने पर चक्का जाम करने की चेतावनी दी। सुरक्षा के मद्देनजर मौकेपर भारी पुलिस ब तैनात है। 

आशा वर्करों की मुख्य मांगें
आशा वर्करों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाए, न्यूनतम वेतन 18 हजार रुपए मासिक लागू किया जाए, 45वें श्रम सम्मेलन की सिफारिशों को लागू किया जाए, सभी को सामाजिक सुरक्षा दी जाए, आशाओं को सब- सेंटर पर हाजिरी रजिस्टर व अलमारी दी जाए, 60 वर्ष की आयु के बाद सभी वर्कर्स को तीन हजार रुपए मासिक पेंशन दी जाए।