समालखा में शुरू हुई संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा, मोहन भागवत ने किया उद्घाटन

punjabkesari.in Friday, Mar 13, 2026 - 07:12 PM (IST)

समालखा (विनोद लाहोट) : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तीन दिवसीय अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा शुक्रवार को पट्टीकल्याणा स्थित माधव सृष्टि में शुरू हो गई। बैठक का शुभारंभ संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन कर किया। इस प्रतिनिधि सभा में देशभर से 1487 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।

उद्घाटन सत्र के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए संघ के सह सरकार्यवाह सी.आर. मुकुंद ने बताया कि इस वर्ष संघ का शताब्दी वर्ष चल रहा है, जिसके कारण इस बार की प्रतिनिधि सभा का विशेष महत्व है। उन्होंने बताया कि उद्घाटन सत्र में संघ से जुड़े दिवंगत कार्यकर्ताओं के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में देश के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को श्रद्धांजलि दी गई। उन्होंने बताया कि श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय अजित पवार तथा हिंदी सिनेमा के प्रसिद्ध अभिनेता धर्मेंद्र सहित कई प्रमुख राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र की हस्तियां शामिल रहीं।

PunjabKesari

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए सी.आर. मुकुंद ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) से जुड़े विवाद पर चिंता जताते हुए कहा कि समाज की एकता और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर समरस और संगठित समाज का निर्माण करना ही देश की मजबूती का आधार है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में समाज और सरकार दोनों को मिलकर प्रयास करने होंगे।

खाड़ी देशों में चल रहे तनाव और युद्ध जैसी स्थिति को लेकर उन्होंने कहा कि इस मामले में भारत सरकार का जो भी आधिकारिक रुख होगा, वही देशहित में सर्वोपरि होगा। उन्होंने बताया कि भारत के प्रधानमंत्री द्वारा ईरान के शीर्ष नेतृत्व से की गई बातचीत भी शांति और कूटनीतिक समाधान की दिशा में प्रयासों का हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में समाज के विभिन्न वर्गों और देशों के बीच संवाद और संपर्क बनाए रखना आवश्यक है, ताकि शांति, स्थिरता और राष्ट्रीय एकता को मजबूती मिल सके। पत्रकार वार्ता के दौरान संघ के राष्ट्रीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर,राष्ट्रीय सह प्रचार प्रमुख प्रदीप जोशी,नरेंद्र ठाकुर,उतर क्षेत्रीय प्रचार प्रमुख अनिल कुमार,विक्रांत,लक्ष्मी नारायण व हरियाणा प्रांत प्रचार प्रमुख राजेश कुमार मौजूद रहे।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)  


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static