कोरोना के साथ-2 डेंगू ने भी यमुनानगर में पसारे पांव, सरकारी अस्पताल में 24 केसों की हुई पुष्टि

10/30/2020 4:16:02 PM

यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता) : हरियाणा के यमुनानगर में जहां कोरोना के मामलों में कुछ कमी आई है वहीं डेंगू ने भी अपने पांव पसार लिए है। कोरोना के मामलों में काफी सुधार आया है लेकिन दूसरी तरफ डेंगू के मामले में जबरदस्त वृद्धि नजर आ रही है। शहर के प्राइवेट अस्पतालों में डेंगू के भारी संख्या में मरीज दाखिल है जबकि स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक डेंगू के 24 मामलों की पुष्टि की है।  

बता दें कि यमुनानगर के अलग-अलग अस्पतालों में डेंगू के भारी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं। दिन में काटने वाले मच्छर से डेंगू होता है। इसीलिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी लोगों को जागरूक कर रहे हैं कि कहीं भी साफ पानी इकट्ठा ना होने दें। घर में कूलर, फ्रिज, गमलों में पानी को अधिक समय तक ना रहने दें। क्योंकि इसी में डेंगू का मच्छर पैदा होता है। जिला सिविल सर्जन डॉ विजय दहिया ने बताया कि यमुनानगर में डेंगू के 24 मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी लोगों को जागरूक कर रहे हैं ताकि डेंगू ज्यादा ना फैले।

वहीं सिविल सर्जन ने बताया कि यमुनानगर में अभी तक 105014 लोगों के सैंपल लिए गए है जिनमें से 98720 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। जबकि अभी तक 5153 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है ।उन्होंने बताया कि इस समय कोरोना के मात्र 157  एक्टिव केस है। उन्होंने बताया कि यमुनानगर का रिकवरी रेट 95.10% हो गया है। उन्होंने यह भी बताया कि यमुनानगर में भी कोरोना टेस्टिंग की लैब शुरू हो चुकी है। जिसमें पहली बार 198 के सैंपल लिए गए हैं।

 

Manisha rana