बेटियों को बचाने के साथ-साथ शिक्षित करना भी जरूरी : मनोहर लाल

1/29/2020 9:38:46 AM

फरीदाबाद (महावीर) : मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने कहा कि बेटियों को उच्चतर शिक्षा मुहैया करवाने हेतु स्पैशल बसों का इंतजाम किया जाएगा और इसके लिए छापसु योजना यानी छात्रा परिवहन सुविधा योजना तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से लड़कियों की शिक्षा व सुरक्षा पर बहुत अधिक ध्यान दिया जा रहा है। पिछले 5 वर्षों में 31 महिला कॉलेज खोले गए हैं तथा जल्द ही 9 और नए महिला कालेज खोले जाएंगे। इन कालेजों तक छात्राओं हेतु 100 पिंक बसें चलाई गई हैं तथा 125 और मिनी बसें खरीदी जाएंगी। 

प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर पहले 2 लाख सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाए जा चुके हैं तथा अगले वित्त वर्ष में एक लाख और सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री सोमवार को एन.आई.टी. फरीदाबाद में स्थित के.एल. मेहता कालेज के गोल्डन जुबली समारोह व प्रेरणा दिवस कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि सरकार ने बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने व ग्रामीण क्षेत्र की लड़कियों को उच्च शिक्षा हेतु 20 कि.मी. की परिधि में कालेज खोलने का निर्णय लिया तथा 40 स्थान चिन्हित किए,जहां कालेज खोले जा रहे हैं। अभी तक 31 कॉलेज खोले जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि लड़कियों को कॉलेजों तक पहुंचने में परेशानी से बचाने के लिए 181 रूटों पर महिला बस चलाने का निर्णय लिया गया,जिसमें से 100 रूटों पर बसें चल रही हैं।

Isha