आल्टो कार ने एक्टिवा को मारी टक्कर, युवती गंभीर रूप से घायल

12/23/2019 9:39:47 AM

अम्बाला छावनी (हरिंद्र) : महेशनगर थाना चौक पर एक आल्टो कार ने एक्टिवा में टक्कर मार दी, जिससे एक्टिवा सवार युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। आल्टो कार सवार युवती को तुरंत सिविल अस्पताल लेकर आए। यहां प्राथमिक जांच के बाद युवती को चंडीगढ़ रैफर कर दिया। युवती एक सेना अधिकारी की पुत्री थी, इसलिए सूचना के बाद अस्पताल पहुंची मां ने महिला डाक्टर से युवती को सेना अस्पताल भेजने का आग्रह किया लेकिन ड्यूटी डाक्टर ने युवती को सेना अस्पताल रैफर करने की बजाय चंडीगढ़ रैफर कर दिया।

समाज सेवी और छावनी के एक जागरूक नागरिक ने इस संबंध में स्वास्थ्य मंत्री सहित विभाग के उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत करवा दिया है। आमजन की सुरक्षा का दम भरने वाली हरियाणा सरकार रविवार रात एक बार फिर अपने वायदे पर खरी नहीं उतर पाई, जब परिजनों की प्रार्थना के बाद भी सड़क दुर्घटना में घायल युवती को जबरदस्ती चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया।

मानवता को शर्मसार करने वाले इस मामले की जानकारी देते हुए समाज सेवी क्षितिज ने बताया कि रविवार रात लगभग 8 बजे एक युवती सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई थी। युवती के पिता सेना में अधिकारी हैं, इसलिए युवती की मां महिला डाक्टर से युवती को उपचार के लिए सेना अस्पताल भेजने की गुहार लगाती रही लेकिन महिला डाक्टर ने युवती को चंडीगढ़-32 सैक्टर भेजने का फरमान जारी कर दिया। जब क्षितिज ने महिला डाक्टर से इसका कारण पूछा तो डाक्टर ने कहा कि वह युवती को चंडीगढ़ रैफर कर सकते हैं न कि सेना अस्पताल।

महिला डाक्टर की रैफर पर्ची के बाद एम्बुलैंस चालकों ने भी युवती को सेना अस्पताल ले जाने से इंकार कर दिया, हालांकि इस दौरान 2 एम्बुलैंस अस्पताल में मौजूद थी। मां के बार-बार आग्रह करने के बाद भी किसी भी एम्बुलैंस चालक ने मां की फरियाद को अनसुना कर दिया। इस कारण युवती 1 घंटे तक छावनी सिविल अस्पताल के एमरजैंसी वार्ड के बाहर खुले में ठंड से तड़पती रही। अचानक एक देवता बनकर उभरे व्यक्ति ने अपनी कार में घायल युवती और उसकी मां को सहारा दिया और उन्हें सेना अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही महेशनगर एस.आई. भी अस्पताल पहुंच गए थे। युवती का एक्टिवा महेश नगर थाने में रखवा दिया है।

Isha