बहरोड़ से कांग्रेस विधायक के खिलाफ अलवर के सांसद ने किया मानहानि का केस

11/9/2021 11:58:46 PM

रोहतक (दीपक भारद्वाज): अलवर से भाजपा सांसद महंत बालक नाथ ने बहरोड़ से कांग्रेस विधायक बलजीत यादव के खिलाफ रोहतक अदालत में मानहानि का दावा पेश कर दिया है। उस मामले में आज महंत बालक नाथ अपने बयान दर्ज करवाने के लिए रोहतक अदालत पहुंचे। इस मामले में अगली सुनवाई 12 जनवरी 2022 को होगी। महंत बालक नाथ राजस्थान के अलवर से भाजपा सांसद हैं और रोहतक स्थित मस्तनाथ मठ के महंत भी है। महंत बालक नाथ ने रोहतक अदालत में राजस्थान के बहरोड़ विधानसभा से कांग्रेस विधायक बलजीत यादव के खिलाफ मानहानि का दावा पेश किया है।

महंत बालक नाथ के वकील जितेंद्र हुड्डा ने बताया कि 7 मार्च 2021 को विधायक बलजीत यादव ने महंत बालक नाथ के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया और झूठे आरोप भी लगाए, जोकि निराधार हैं। इन आरोपों को राजस्थान के स्थानीय अखबारों में खबर के तौर पर प्रकाशित भी किया गया था। जिसकी वजह से उनकी मानहानि हुई है और उसी के चलते रोहतक अदालत में मानहानि का दावा पेश किया गया है। उस दावे के मामले में सांसद महंत बालक नाथ आज अपने बयान दर्ज करवाने के लिए रोहतक अदालत में पहुंचे। इस संबंध में अगली सुनवाई 12 जनवरी 2022 को होगी।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Shivam