राहुल के हरियाणा आगमन पर सनौली रोड पर दिखाई दिया सांप्रदायिक सौहार्द का अद्भुत नजारा

1/6/2023 11:08:09 PM

पानीपत: शुक्रवार को भारत जोड़ो यात्रा का हरियाणा में दूसरा दिन था। राहुल गांधी सनौली बॉर्डर से करीब 13 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर पानीपत शहर में पहुंचे। दूसरे दिन भी यात्रा में भारी जनसैलाब उमड़ा। नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने की बात कहने वाले राहुल के पानीपत आगमन पर सनौली रोड पर एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिससे सभी का दिल खुश हो गया। यहां विभिन्न समुदाय के लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। हिंदू-सिख-मुस्लिम एकता के इस नजारे को देखकर सभी भारत यात्रियों का दिल खुश हो गया।  

 

भूपेंद्र हुड्डा और मनोहर लाल भी यहां कर चुके रोड शो

 

दरअसल सनौली रोड पर मंदिर, मस्जिद और गुरुद्वारा है। भारत जोड़ो यात्रा पानीपत पहुंचने पर विभिन्न समुदाय के लोगों ने राहुल गांधी का स्वागत किया। लोगों ने फूलों की बारिश कर भारत जोड़ो यात्रा का स्वागत किया। इस तरह पानीपत पहुंचते ही सांप्रदायिक सौहार्द का अद्भुत नजारा दिखाई दिया। इसके अलावा इस मार्ग से जुड़ी हुई खास बात यह है कि साल 2008 में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी मुख्यमंत्री रहते हुए यहां पर रोड शो किया था। यही नहीं साल 2014 में जब हरियाणा में सत्ता परिवर्तन हुआ और मनोहर लाल मुख्यमंत्री बन तो उन्होंने भी इसी मार्ग पर रोड शो किया। संयोग से राहुल की यात्रा भी इसी मार्ग पर केंद्रित रही।

 

 (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)   

Content Writer

Gourav Chouhan