जनता दरबार में गब्बर को आया गुस्सा, DGP से की थानाध्यक्ष को सस्पेंड करने की सिफारिश

7/5/2017 5:50:17 PM

अंबाला(कमलप्ररीत सभ्रवाल):हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल विज को आज एक बार फिर जनता दरबार में गुस्सा आ गया। इतना ही नहीं विज ने महेश नगर थाना के थाना अध्यक्ष को सस्पेंड करने के लिए डीजीपी हरियाणा से सिफारिश कर डाली। विज का आरोप है कि थाना महेश नगर में लगातार बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों के चलते लोग अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।  

अनिल विज ने डीजीपी को शिकायत करते हुए बताया कि इस क्षेत्र में मर्डर, चोरी और डकैती जैसी बहुत सी वारदातें बढ़ रही थी। जिसके कारण लोग लगातार उनके पास शिकायतें लेकर आ रहे थे। थाना महेश नगर में इन वारदातों की शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होती। आज भी अनिल विज के जनता दरबार में कुछ ऐसी ही शिकायतें आई जिसके बाद विज ने जनता दरबार में महेश नगर थाने के इंचार्ज सुभाषचंद को बुलाया तो वह वहां से नदारद पाए गए। जिसके बाद विज ने लोगों की शिकायतों के आधार पर डीजीपी हरियाणा को सुभाष चंद को तुरंत प्रभाव से निलंबित करने की सिफारिश कर डाली।  

यह पहला मौका नहीं है कि जब गब्बर को गुस्सा आया हो, इससे पहले भी अनिल विज ऐसे ही कई जनता दरबारों में जनता की समस्याएं सुनते हुए सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों से भीड़ चुके हैं। बहरहाल देखना यह होगा कि कैबिनेट मंत्री विज की सिफारिश के बाद डीजीपी अपने मुलाजिम पर क्या कार्रवाई करते हैं।