अंबाला: सड़क हादसे में दंपत्ति की मौत, डेढ़ साल पहले हुई थी शादी

7/25/2022 10:08:46 AM

अंबाला :  अम्बाला के गांव नग्गल में शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक पर वापस लौट रहे दम्पति की मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब अम्बाला हिसार हाईवे पर सड़क की रिपेयर का काम चलने के कारण दूसरी साइड को बंद किया हुआ था। 

जानकारी के मुताबिक कुरुक्षेत्र के ईस्माइलाबाद का विक्रम सिंह अपनी पत्नी काजल के साथ रात 11.30 बजे बाइक पर अम्बाला आ रहा था। बताया जा रहा है हादसे के समय काजल की बात मकान मालिक से हो रही थी। अस्पताल पहुंचे मकान मालिक ने बताया कि वह उससे कह रही थी कि वह लोग वापस घर आ रहे हैं इसलिए गेट खुला रखें। उसी समय एक धमाके की आवाज आई और काजल ने बात करना बंद कर दिया। राहगीरों ने फोन उठाया और सामने वाले को बताया कि इनका एक्सीडेंट हो गया है जिन्हें सिविल अस्पताल में भेजा जा रहा है। जब वह सरकारी अस्पताल में पहुंचा तो विक्रम को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया वहीं काजल को प्राथमिक उपचार देने के बाद चंडीगढ़ पी.जी.आई. रैफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान ही उसकी भी मौत हो गई। विक्रमजीत सिंह और काजल की डेढ़ साल पहले शादी हुई थी। वे दोनों अपने पैतृक गांव से वापस अंबाला सिटी लौट रहे थे।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana