मेहनत लाई रंग: 55-60 KG कैटेगरी में अंबाला के हितेश ढिल्लों ने जीता ''मिस्टर चंडीगढ़'' का खिताब

punjabkesari.in Sunday, Mar 15, 2026 - 08:56 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): हरियाणा के अंबाला जिले के युवा बॉडी बिल्डर हितेश ढिल्लों ने बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए मिस्टर चंडीगढ़ का खिताब अपने नाम किया है। इंडियन बॉडी बिल्डर्स फेडरेशन की ओर से आयोजित 14वीं मिस्टर चंडीगढ़ बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप में हितेश ने जूनियर वर्ग (55-60 किलोग्राम कैटेगरी) में पहला स्थान हासिल किया। यह प्रतियोगिता 9 मार्च को चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित एसडी कॉलेज में आयोजित की गई थी।

खिताब जीतने के बाद जब हितेश कुरुक्षेत्र पहुंचे तो सेक्टर-3 में उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और दोस्तों ने उनकी मेहनत और उपलब्धि की सराहना की और उन्हें बधाई दी। हितेश ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने जिम कोच प्रवीण दलाल और परिवार के सहयोग को दिया।


हितेश ने बताया कि उन्हें बचपन से ही फिटनेस और खेलों का शौक रहा है। उनके चाचा से प्रेरित होकर उन्होंने बॉडी बिल्डिंग की शुरुआत की। घर की आर्थिक स्थिति मजबूत न होने के बावजूद उन्होंने कड़ी मेहनत और नियमित अभ्यास से अपनी फिटनेस को निखारा। जिम कोच के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग से उन्होंने इस मुकाम तक पहुंचने में सफलता हासिल की।


उन्होंने बताया कि इससे पहले भी वह मिस्टर अंबाला का खिताब जीत चुके हैं और हरियाणा स्तर की प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त कर चुके हैं। हितेश का कहना है कि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास से ही सफलता मिलती है। हितेश ने बताया कि अब उनका अगला लक्ष्य मिस्टर नॉर्थ इंडिया प्रतियोगिता में भाग लेना है। इसके बाद वह नेशनल और इंटरनेशनल स्तर की बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपने गांव गरनाला और प्रदेश का नाम रोशन करना चाहते हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static