हरियाणा में तापमान 40 के पार, 2 दिन बाद बारिश के आसार

6/25/2018 9:22:43 AM

अंबाला (जतिन्द्र): प्रदेश में 2 दिन से पारा 40 डिग्री के ऊपर रहने से जहां लोग गर्मी से परेशान रहे वहीं एक बार फिर से उठे वैस्टर्न डिस्टर्बैंस के कारण हरियाणा, पंजाब, यू.पी., हिमाचल व उत्तराखंड में 26 जून से आंधी व बादलों के साथ तापमान गिरने की संभावना जताई गई है। 27 जून से अम्बाला में बरसात हो सकती है। इससे अम्बाला में 30 जून तक तापमान में 10 डिग्री कम हो कर 30 डिग्री व न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रहने से पूरा सप्ताह मौसम सुहावना रहने की संभावना है।मौसम विभाग के अनुसार मानसून भी देश में सक्रिय रूप से आगे बढ़ रहा है व इसके उत्तर क्षेत्र में 1 जुलाई के आस पास आने की संभावना है। ऐसे में वैस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण अगर इस सप्ताह में बरसात होती है तो लोगों को मानसून से पहले ही गर्मी से राहत मिल जाएगी। 

किसानों के लिए लाभकारी
मौसम विभाग की बरसात को लेकर जताई गई संभावना से कृषि विज्ञान केंद्र तेपला के विशेषज्ञ अनुसार इस तरह की बरसात कृषि के लिए भी लाभकारी होगी। इससे धान की रोपाई के लिए तैयार की जा रही पौध व रौपाई के लिए भी किसानों को सही समय पर पर्याप्त मात्रा में पानी मिल पाएगा। किसान गुरप्रीत का कहना है कि अगर इस तरह से बरसात होती है तो धान की रोपाई के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी मिल पाएगा व रोपाई के साथ ही इस बार मानसून भी समय पर आता है तो धान के लिए बहुत लाभकारी है। 

इस सप्ताह में तापमान व मौसम
तिथि           न्यूनतम       अधिकतम      मौसम
24 जून       28 डिग्री       40 डिग्री          धूप
25 जून       28 डिग्री       40 डिग्री          हल्के बादल
26 जून       27 डिग्री       37 डिग्री          बादलों के साथ आंधी 
27 जून       24 डिग्री       34 डिग्री          तेज बरसात के साथ आंधी
28 जून      22 डिग्री       32 डिग्री           बरसात व आंधी 
29 जून      22 डिग्री       30 डिग्री           बरसात
30 जून       22 डिग्री     30 डिग्री            बरसात

जून माह के इस वर्ष के बरसात के आंकड़े
1 से 6 जून      6 से 13 जून    13 से 20 जून
5 एम.एम      97 एम.एम      55 एम.एम

लोगों का घरों से निकलना दूभर
मौसम ने एकदम से अपने तेवर बदल दिए है। तापमान में लगातार वृद्धि होने लगी है। गत 2 दिनों में भीषण गर्मी ने लोगों का घरों से निकलना दूभर कर दिया है। तेज धूप व गर्म हवाओं से तापमान में वृद्धि जारी है। सुबह से ही चढ़ती धूप के कारण लोग 10 बजे के बाद घरों से निकलने से परहेज कर रहे हैं तो वहीं दोपहर में बाजार में वीरानी छाई रहती है। 

Nisha Bhardwaj