अंबाला में ट्रिपल मर्डर मामला: मुठभेड़ में दबोचा गया आरोपी अभिषेक, टांग में लगी गोली...पुलिसकर्मी घायल

punjabkesari.in Wednesday, May 27, 2026 - 07:18 AM (IST)

अंबाला (अमन कपूर) : अंबाला के शहजादपुर स्थित बिचपड़ी गांव में बीते शनिवार को हुए तिहरे हत्याकांड में अंबाला CIA-1 की टीम ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। सीआईए-1 की टीम ने परिवार के 3 सदस्यों जिसमें बड़ा भाई, चाचा व दादी की हत्या करने वाले अभिषेक को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। अभी अभिषेक की चाची जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है। यह पूरा कांड सीसीटीवी में कैद हो गया था। 

शातिर अपराधी ने पुलिस टीम पर की ताबड़तोड़ फायरिंग

अंबाला सीआईए-1 के इंचार्ज हरजिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी अभिषेक वारदात को अंजाम देने के बाद से ही फरार चल रहा था। पुलिस की टीम जब इलाके में गश्त पर थी, तभी अभिषेक अपनी मोटरसाइकिल पर भागता हुआ नजर आया। पुलिस को देखकर उसने बाइक खेतों की तरफ दौड़ा दी। जब पुलिस ने उसे चारों तरफ से घेर लिया, तो इस शातिर अपराधी ने पुलिस टीम पर ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस और अपराधी के बीच खेतों में सनसनीखेज मुठभेड़ हुई। इस दौरान दोनों तरफ से कुल 8 राउंड फायरिंग की गई। 

फायरिंग में एक पुलिसकर्मी घायल 

आरोपी अभिषेक की तरफ से चलाई गई गोली में एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। वहीं पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी अभिषेक की टांग में दो गोलियां लगीं, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। सीआईए-1 की टीम घायल आरोपी को तुरंत अंबाला अस्पताल लेकर आई, जहां भारी सुरक्षा के बीच उसका इलाज चल रहा है।

 जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही चाची

आपको बता दें कि इस बेरहम कातिल ने अपने ही बड़े भाई, सगे चाचा और सगी दादी की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई थी। इस जानलेवा हमले में अभिषेक की चाची भी गंभीर रूप से घायल हुई थीं, जो इस वक्त अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अस्पताल में उसका इलाज जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के ठीक होते ही उससे सख्ती से पूछताछ की जाएगी कि आखिर उसने अपने ही हंसते-खेलते परिवार को इस तरह क्यों उजाड़ दिया।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)             

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static