5 मिनट अंबाला रुके अमित शाह, अनिल विज ने किया स्वागत(video)

6/8/2018 11:36:33 AM

अम्बाला शहर(अमन कपूर): अमित शाह का चंडीगढ़ से अम्बाला पहुंचने पर हरियाणा के स्वास्थ्य एवं खेल मंत्री अनिल विज द्वारा भव्य स्वागत किया गया। जैसे ही शाह का काफिला माल रोड पर रुका तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर जय श्रीराम के जयकारे लगाए। इसके बाद अमित शाह अपनी गाड़ी से उतरे, जहां स्वास्थ्य मंत्री फूल माला पहनाकर स्वागत किया। इसके पश्चात अमित शाह कार्यकर्ताओं का जनता के जोश को देखते स्टेज पर चढ़े और हाथ हिलाकर उनका अभिनंदन किया।

इस दौरान हरियाणा प्रभारी सुरेश भट, भाजपा संगठन महासचिव वेदपाल, राज्यमंत्री नायब सिंह, बंतो कटारिया, सिटी विधायक असीम गोयल के अलावा अन्य पार्टी वरिष्ठ कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। स्वागत कार्यक्रम के बाद अमित शाह माल रोड से होते हुए सेना क्षेत्र में स्थित एयरफोर्स स्टेशन पर पहुंचे, जहां से वे देर रात दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

झलक देखने को बेताब रही जनता 
सफेद कुर्ता, पजामा और ऊपर खद्दर की खरखी पहने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की शान कुछ अलग ही दिखाई दी। शाह की एक झलक पाने के लिए अम्बाला की जनता घंटों इंतजार कर रही थी। भीड़ इतनी कि पुलिस भी काबू नहीं कर पा रही थी। अमित शाह के इंतजार में पुरुषों के साथ, बच्चे व महिलाएं भी सड़कों पर खड़ी दिखाई दी। अमित शाह के स्वागत में भाजपा मंत्रियों ने भी अपनी पूरी ताकत लगाई। हर कोई अमित शाह की नजरों में उनके व भाजपा के प्रति प्रेम दिखाता नजर आया। दरअसल, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह गुरुवार को चंडीगढ़ से वाया रोड होते हुए देर रात अम्बाला पहुंचे थे। करीब एक दिन पहले मिली अमित शाह के अम्बाला पहुंचने को लेकर उनके स्वागत के लिए भाजपा मंत्रियों ने तैयारियां शुरू कर दी थी। हालांकि अमित शाह मात्र 5 मिनट ही अम्बाला में रुके। गेंदे का हार पहने राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह अपने 5 मिनट के स्टॉपिज में उनके स्वागत में उमड़े जनसैलाब को निहारते रहे। 

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
शाह की सुरक्षा में कोई चूक न हो, इसके लिए जिला पुलिस प्रशासन के आलाधिकारियों सहित करीब 200 जवानों को हर चौक-चौराहे पर तैनात किया गया था।   

स्वागत तैयारी में नहीं छोड़ी कोई कसर
राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत प्रदेश स्वास्थ्य मंत्री सहित अम्बाला हलके के सभी विधायकों ने एक मंच से किया। हालांकि सभी विधायक व मंत्री प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के स्वागत में भी एकजुट दिखाई नहीं दिए जबकि अमित शाह के स्वागत की सुबह ही तैयारियां मंत्री व विधायकों द्वारा ही की गई।

Deepak Paul