अमित शाह का फरमान हुड्डा जेल जाएं, भाजपा में आएं या नई पार्टी बनाएं: जयहिंद

9/3/2018 11:06:16 AM

रोहतक(दीपर भारद्वाज): आम आदमी पार्टी हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने पूर्व सी.एम. भूपेंद्र सिंह हुड्डा व रॉबर्ट वाड्रा पर हुई एफ.आई.आर. पर कहा कि हुड्डा व भाजपा में नूरा कुश्ती चल रही है। यह एफ.आई.आर. हुड्डा को डराने के लिए की गई है। 2014 के चुनाव भाजपा ने रॉबर्ट वाड्रा के नाम पर लड़ा था लेकिन सत्ता में आते ही खट्टर सरकार उसे अपना फूफा बना बैठी। अब फिर से जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, खट्टर सरकार ने हुड्डा व वाड्रा के नाम पर एक एफ.आई.आर. कर दी। 

नवीन जयहिंद रविवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोई सरकार से पूछे कि इस एफ.आई.आर. के आधार पर क्या कार्रवाई की। अगर आम आदमी पर कोई एक छोटी-सी धारा लगा दी जाए तो पुलिस अरैस्ट कर लेती है। सरकार के पास विजीलैंस की रिपोर्ट भी है और सरकार ढींगरा आयोग की रिपोर्ट कहां छिपाए बैठी है? अब खट्टर सरकार एक नई एस.आई.टी. की जांच की कमेटी बना रही है तो क्या जांच पर जांच होती रहेगी? क्या 2030 में भूपेंद्र सिंह हुड्डा को सजा मिलेगी? इस पूरे घोटाले में कई अधिकारी भी शामिल थे, क्या 4 साल में खट्टर सरकार ने उन पर कोई कार्रवाई की है। यह एफ.आई.आर. सिर्फ हुड्डा पर दवाब बनाने के लिए की गई है या तो वह भाजपा में आ जाएं या जेल जाएं या फिर अपनी नई पार्टी बना लें। 

पूरी तरह से जनता को गुमराह करने के लिए सब भाजपा और भूपेंद्र सिंह हुड्डा का ड्रामा है। पूरी तरह से जनता के टैक्स के पैसे लूटने पर सरकार लगी हुई है। केंद्र में भी भाजपा की सरकार है और यहां भी तो क्यों नहीं गिरफ्तार किया जा रहा? उन्होंने हुड्डा की प्रधानमंत्री मोदी व राजनाथ सिंह के साथ बीते दिनों हुई मीटिंग को लेकर कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा सैटिंग कर चुके हैं। राजकुमार सैनी पर उन्होंने कहा कि यह भाजपा की सी टीम है और इनैलो भाजपा की बी टीम है। यह भाजपा को पता है कि आगामी चुनावों में भाजपा तो आने वाली है नहीं तो इनके साथ मिलकर ही सत्ता में आने के सपने देख रही है लेकिन जनता जान चुकी सी.बी.आई. (कांग्रेस, भाजपा, इनैलो) भ्रष्टाचारियों की गैंग है और जनता अबकी बार इनको हरियाणा से उखाड़ कर ही दम लेगी। 
 

Deepak Paul