भारत माता को गाली देने वाला होगा सलाखों के पीछे: शाह

10/10/2019 12:09:57 PM

ब्यूरो: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अनुच्छेद-370 पर कांग्रेस के रुख और राफेल की ‘शस्त्र पूजा’ का विरोध करने पर कांग्रेस की आलोचना की। गृह मंत्री अमित शाह बुधवार को कैथल, बहल व महम में रैली को सम्बोधित करने पहुंचे थे। 

शाह ने यहां एक चुनावी रैली में कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अनुच्छेद-370 के ज्यादातर प्रावधान निरस्त करने का विरोध किया। मैं राहुल से पूछना चाहता हूं कि वह अनुच्छेद-370 के पक्ष में हैं या विरोध में?’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा सरकार द्वारा लिए गए हर निर्णय का विरोध करती है। उन्होंने कहा कि देश में लोगों में ऐसी भावना थी कि अनुच्छेद-370 और 35-ए के कारण जम्मू-कश्मीर राज्य का भारत में पूर्ण एकीकरण नहीं हो सका था। 

शाह ने कहा कि अनुच्छेद 370 के ज्यादातर प्रावधान निरस्त करने का राजनीति से कोई संबंध नहीं है। यह देश की सुरक्षा का मामला था लेकिन कांग्रेस ने इसके खिलाफ वोट डाला। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा राफेल की शस्त्र पूजा पर कांग्रेस के कुछ सदस्यों की टिप्पणियों का अप्रत्यक्ष रूप से उल्लेख करते हुए शाह ने कहा कि कांग्रेस के लोगों को यह चीज भी खराब लगी।

उन्होंने विजयदशमी पर राफेल युद्धक विमानों के अधिग्रहण पर प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री को बधाई दी। शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के बारे में कहा कि वह वही बोलते हैं जो उन्हें सोनिया गांधी बोलने को कहती हैं। शाह ने एन.आर.सी. के मुद्दे पर कहा कि अगले लोकसभा चुनावों तक अवैध रूप से रहने वाले लोग देश से बाहर होंगे। 

उन्होंने कहा कि चौटाला सरकार में आम जनता को गुंडई का सामना करना पड़ा वहीं 10 वर्षों तक प्रदेश में शासन करने वाली हुड्डा सरकार में जमीनों को बेचा गया। प्रदेश से हुड्डा व ओमप्रकाश चौटाला की पारिवारिक राजनीति खत्म होने के कगार पर है। भाजपा ने परिवारवाद की राजनीति को उखाड़ फैंका है। उन्होंने कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने कभी भी आम आदमी को आगे बढऩे नहीं दिया। 

सुर्जेवाला के पेट में होता है दर्द
अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री कुछ करते हैं तो रणदीप सुर्जेवाला के पेट में दर्द होता है। अमरीका में मोदी का भव्य सम्मान हुआ तो सुर्जेवाला के पेट में दर्द हुआ। वह सवाल उठाते हैं कि पी.एम. विश्व भ्रमण पर ही रहते हैं मगर यह सच्चाई है कि मोदी से ज्यादा कांग्रेस सरकार के समय के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह विदेश में गए। वह केवल मैडम द्वारा टाइप किए 2 पन्ने पढ़कर आ जाते थे। 
 

प्रो. सम्पत सिंह भाजपा में शामिल
इनैलो और कांग्रेस की सीट पर 6 बार विधायक बने प्रोफैसर सम्पत सिंह ने बुधवार को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की मौजूदगी में भाजपा ज्वाइन कर ली। संपत सिंह ने महम में रैली के दौरान भाजपा की सदस्यता ली। इससे पहले कांग्रेस से सीट कट जाने के बाद उन्होंने बगावत कर पार्टी छोड़ दी थी।

Shivam