जो काम बापू नहीं कर सके वह कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी कर रहे: अमित शाह

8/3/2017 12:20:30 PM

रोहतक(दीपक भारद्वाज):भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह हरियाणा के तीन दिवसीय दौरे पर बुधवार को रोहतक पहुंचे। यहां उन्होंने एक सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि महात्‍मा गांधी चाहते थे कि आजादी के बाद कांग्रेस भंग हो जाए। राहुल गांधी इस काम को बखूबी निभा रहे हैं और गांधी का सपना पूरा कर रहे हैं। उन्‍होंने कांग्रेस की सिकुड़ती जमीन के लिए राहुल गांधी को जिम्‍मेदार ठहराया

शाह ने ये भी कहा कि गांधी जी ने कहा था आजादी के तुरंत बाद कांग्रेस को बिखर जाना चाहिए। खैर वह गांधी ने नहीं किया, अब कोई दूसरा गांधी कर रहा है। इस दौरान उन्होंने कहा कि विकास की राजनीति करते हुए भाजपा आज सत्ता तक पहुंची है। भाजपा देश को वंशवाद और तुष्टिकरण की राजनीति से आजाद कराना चाहती है।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस पार्टी लगातार राज्य और राष्ट्रीय स्तर के चुनाव में हार रही है। हाल ही में पांच राज्यों में हुए चुनावों में कांग्रेस कुछ खास न कर सकी। जिसके बाद राहुल गांधी के विरोध में पार्टी नेताओं ने ही सवाल खड़े किए हैं। हरियाणा में पहली बार भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी है और राज्यों से ही सांसद चुन कर जाने हैं, इसलिए शाह अभी से रणनीति बनाने में जुट गए हैं। तीन दिन तक शाह सत्ता और संगठन की नब्ज टटोलेंगे। इसके अलावा मिशन 2019 के तहत मजबूती से आगे बढ़ने का मंत्र भी देंगे।